जिले में फार्मासिस्ट समेत पांच लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। अब जिले में पीड़ितों की संख्या बढ़कर 119 पहुंच गई है। दंपति की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग उनकी खोजबीन करता रहा। जिले में अभी तक 103 कोरोना संक्रमित ठीक हो चुके हैं। सात लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। सात लोगों की मौत भी हो चुकी है।
जिला अस्पताल परिसर में स्थित होम्योपैथिक चिकित्सालय के बर्खास्त फार्मासिस्ट की रिपोर्ट गुरुवार को पॉजिटिव आई। उसका आवास बलीपुर में है। इसकी जानकारी होने पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। इसके अलावा दहिलामऊ की रहने वाली एक महिला भी संक्रमित निकली। वह तीन दिन पहले जिला अस्पताल गई थी।
जांच के दौरान उसमें कोरोना के लक्षण दिखे। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा था। इसके अलावा कुंडा के दिलेरगंज की महिला चार दिन पहले उपचार के लिए प्रयागराज गई थी। वहां उसका सैंपल लिया गया था। उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। तीनों को उपचार के लिए लालगंज कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा दंपति भी कोरोना संक्रमित निकले। उनका सैंपल प्रयागराज में ही 30 जून को लिया गया था। संक्रमित दंपति के मोबाइल से संपर्क नहीं हो पा रहा था। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग उनकी तलाश में परेशान रहा। काफी मशक्कत के बाद भी विभाग दंपति का सही पता खोजा नहीं सका, लेकिन बाद में पता चला कि वह प्रयागराज में रहते हैं। उन तक पहुंचने के लिए प्रयागराज की टीम लगाई गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 119 पहुंच गई है। सात लोगों की जिले में कोरोना से मौत हो चुकी है। 103 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। लालगंज कोविड अस्पताल में 4, जिला अस्पताल एल टू में एक और दो मरीजों का एसआरएन में उपचार चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग को तस्वीर करनी पड़ी वायरल
कोरोना संक्रमित दंपति की तलाश में स्वास्थ्य विभाग को पसीना छूट गया। मोबाइल नंबर से संपर्क नहीं हो पा रहा था। जो पता सैंपल लेने के दौरान लिखा गया था, वह भी गलत निकला। जिससे परेशान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोबाइल नंबर के सहारे फेसबुक आईडी खोज निकाली। स्वास्थ्य विभाग को दंपति के परिवार के एक युवक की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल करनी पड़ी। इसके बाद दंपति तक स्वास्थ्य विभाग पहुंच सका।
692 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार
जिले में कोरोना संक्रमित लोगों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। लगातार केस सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक 6855 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा चुका है, लेकिन 6163 लोगों की रिपोर्ट ही आई है। अभी तक 692 लोगों की रिपोर्ट नहीं मिली। जिसके चलते लोगों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। गुरुवार को 303 रिपोर्ट मिली। जिसमे पांच लोग संक्रमित निकले। 298 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। दिनभर स्वास्थ्य विभाग ने अलग-अलग स्थानों से 356 लोगों का सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेजा। जिले में अभी 16 हॉटस्पाट हैं। पांच संक्रमितों के मिलने के बाद हॉटस्पाट की संख्या बढ़ जाएगी।
बाबा के चंगुल से बचाने की पीड़ित बहनों ने लगाई गुहार
तंत्र-मंत्र के साथ ही जड़ी बूटियों से लोगों का इलाज करने वाले बाबा की शिकार बहनों ने उसके चंगुल से दो बहनों को बचाने की गुहार लगाई है। कंधई पुलिस ने दोनों को डरा धमकाकर भगा दिया है। मामला संज्ञान में आने के बाद एएसपी पूर्वी ने जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया है।
कंधई थाना क्षेत्र के सरसीखाम में एक बाबा रहता है। सुलतानपुर की रहने वाली एक युवती की बहन की शादी सरसीखाम में हुई है। दोनों बहनों ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि कथित बाबा तंत्र-मंत्र के साथ आयुर्वेदिक दवाओं से लोगों के उपचार का दावा करता है। खासकर महिलाओं व युवतियों को वह अपने आश्रम पर कई दिनों तक रखता है। परिवार के लोगों से सहमति पत्र लेने के बाद युवतियों को बंधक बनाकर रखता है।
उनके साथ गलत कार्य करता है। उसकी बात मानने से इनकार करने की कीमत उसे शारीरिक प्रताडना से चुकानी पड़ती है। पीड़ित महिला ने बताया कि उसकी दो बहनें अभी भी बाबा के चंगुल में हैं। एक बहन को गायब कर दिया है। आशंका जताई कि उसकी हत्या की जा चुकी है। शिकायत लेकर जाने पर कंधई पुलिस ने भगा दिया। गुरुवार को पीड़ित बहनों ने मामले की शिकायत परशुराम सेना के अध्यक्ष प्रदीप शुक्ल से की। जिसके बाद एएसपी पूर्वी से दोनों बहनों ने आपबीती सुनाई। एएसपी सुरेंद्र प्रसाद के निर्देश पर कंधई पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।