शहर में फिर मिले दो मरीज, डाक्टर की पत्नी और ड्राइवर की रिपोर्ट भी आई पाजिटिव
प्रतापगढ़। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। गुरुवार को पट्टी के नारायनपुर सीएचसी के डॉक्टर और जिला अस्पताल के एआरटी सेंटर के काउंसलर समेत पांच लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। डाक्टर की पत्नी और ड्राइवर भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। शहर में भी मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। पांच संक्रमित लोगों में से दो शहर के हैं। अब जिले में कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़कर 159 पहुंच गई है।
पट्टी तहसील क्षेत्र के नारायनपुर सीएचसी में तैनात एक 34 वर्षीय डॉक्टर की पत्नी गर्भवती थी। एक माह पहले वह मायके फरीदाबाद गई थी। दो दिन पहले उसने ऑपरेशन के बाद बच्चे को जन्म दिया। हालत बिगड़ने पर बच्चे को एसएनसीयू में रखा गया। इसकी जानकारी होने पर फतनपुर के रहने वाले 34 वर्षीय डाक्टर अपने ड्राइवर के साथ फरीदाबाद गए थे। यहां पता चला कि उनकी पत्नी कोरोना संक्रमित है। जबकि बच्चे की रिपोर्ट निगेटिव है।
डॉक्टर ने अपनी व ड्राइवर की भी जांच कराई। दोनों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। वहीं शहर के शिवजीपुरम का एक युवक जिला अस्पताल के एआरटी सेंटर में काउंसलर के पद पर तैनात है। बीते सप्ताह उसकी ड्यूटी एलटी के साथ कोरोना सैंपल लेने में लगी थी। दो दिनों से उसकी तबियत खराब थी। बुधवार को उसने जिला अस्पताल पहुंचकर जांच कराई। गुरुवार को उसकी भी रिपोर्ट पाजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने काउंसलर को एलवन अस्पताल लालगंज भेज दिया।
इधर, शहर के टक्करगंज में इंडिया मार्ट के पास रहने वाला एक 22 वर्षीय युवक भी कोरोना संक्रमित मिला है। दो दिन पहले उसने जिला अस्पताल में जांच कराई थी। गुरुवार को उसकी रिपोर्ट पाजिटिव आई। उसे भी एलवन अस्पताल लालगंज में भर्ती कराया गया है।
नारायनपुर सीएचसी और जिला अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मचारियों में हड़कंप
जिला अस्पताल के एआरटी के काउंसलर व नारायपुर सीएचसी के डॉक्टर, उनकी पत्नी के साथ चालक के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी होने के बाद साथ में काम करने वाले विभाग के अन्य लोग घबरा गए हैं। न तो नारायनपुर सीएचसी और न ही जिला अस्पताल को सैनिटाइज कराया गया। करीबियों का सैंपल भी नहीं लिया गया।
1268 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार
जिले से अब तक 10974 लोगों का सैंपल लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए प्रयागराज भेजा। अभी 1268 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट कब तब आएगी, इसके बारे में जिम्मेदार अफसर भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं।
सैंपल लेने पहुंची टीम से प्रधान ने की अभद्रता
प्रतापगढ़। गौरा के शाहपुर गांव में सैंपल लेने पहुंची टीम से ग्राम प्रधान ने अभद्रता करनी शुरू कर दी। इस पर स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सीएमओ को सूचना दी। जानकारी मिलने पर गौरा के कई स्वास्थ्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। प्रधान को समझाबुझाकर शांत कराया। इसके बाद टीम ने गांव के 40 लोगों का सैंपल लिया। सीएमओ ने बताया कि गुरुवार को कुल 336 लोगों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है।