फतनपुर का पढ़वा नसीरपुर गांव मंगलवार दोपहर में गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। इससे ग्रामीणों में हडक़ंप मच गया। मोबाइल पर धमकी देकर युवक को मारने की नियत से पहुंचे हमलावरों में से दो को ग्रामीणों ने दबोच लिया। उनकी जमकर पिटाई कर दी। शिकायत के बाद पुलिस ने हमलावरों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फतनपुर थाना क्षेत्र के पढ़वा नसीरपुर निवासी पवन पांडेय के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने मंगलवार की दोपहर फोन कर जान से मारने की धमकी दी। मोबाइल से बात होने के आधे घंटे बाद लगभग 15 की संख्या में हमलावर बाइक से पवन के घर पहुंचकर असलहे से फायर करना शुरू कर दिए। इस पर पवन जान बचाकर घर में छिप गया।
इसके बावजूद हमलावर उसके घर के बाहर फायरिंग करते रहे। फायरिंग की वजह से ग्रामीण भी आगे नहीं आ रहे थे। मौका मिलने पर ग्रामीणों ने दौड़ाकर हमलावर अंकित शुक्ला निवासी जरियारी व योगेंद्र दूबे निवासी सरायशेरखां को पकडक़र पीटना शुरू कर दिया।
उनके साथ रहे अन्य लोग भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया। पवन पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने अंकित शुक्ला, योगेंद्र दूबे सहित 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।