तिलौरी हसनपुर में बुधवार की रात जन्मदिन पार्टी में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। इसमें किशोरी समेत चार लोग झुलस गए। सभी को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया।
पूर्व प्रधान फूलचंद्र के घर पर बुधवार की रात आयोजित कार्यक्रम में खाना बनाया जा रहा था। इस दौरान अचानक सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। लोग आग बुझाने दौड़े। अफरातफरी के बीच आग बुझाते समय सुरेंद्र कुमार सरोज (35), नीलेश कुमार (42), मानिकपुर थाना क्षेत्र के डंडौली निवासी अरुण कुमार (25) व नीतेश कुमार की बेटी अनन्या (12) झुलस गई। शोर शराबा सुनकर गांव के लोग भी पहुंच गए। लोगों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से झुलसे लोगों को सीएचसी ले गए। जहां उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर घर जाने दिया गया।