निरीक्षण के दौरान खाद्यान्न वितरण में अनियमितता मिलने पर पूर्ति विभाग ने कोटेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। डीएम की संस्तुति पर विभाग द्वारा की कार्रवाई से कोटेदारों में खलबली मची रही।
रामपुर संग्रामगढ़ ब्लॉक के अलीपुर के उपभोक्ताओं ने डीएसओ अनुभव त्रिवेदी से खाद्यान्न वितरण में अनियमितता की शिकायत की थी। डीएसओ के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षकों की टीम 29 जनवरी को उचित दर विक्रेता सुरेश कुमार की दुकान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपभोक्ताओं के बयान टीम ने दर्ज किए।
अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से दो से तीन किग्रा कम खाद्यान्न देने का मामला सामने आया। आधार प्रमाणीकरण के बाद भी खाद्यान्न वितरण न करने की शिकायत की जांच हुई। निशुल्क ई-केवाईसी के नाम पर प्रति यूनिट 50 रुपये वसूली की शिकायत भी सत्य मिली। स्टॉक मिलान में खाद्यान्न का घोटाला मिला। डीएम की संस्तुति पर विक्रेता अलीपुर निवासी सुरेश कुमार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सांगीपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।