फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pratapgarh News: हाईवे हादसे में पांचवीं मौत, मासूम नव्या का भी दम टूटा

Wed, 03 May 2023 12:21 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, प्रतापगढ़

सार

लखनऊ- वाराणसी राजमार्ग पर सोमवार की देर शाम बेकाबू कार की टक्कर से हुए हादसे में घायल मासूम नव्या की भी मौत हो गई। प्रयागराज में उपचार के दौरान तीन माह की नाव्या की भी सांसें थम गई। सोमवार को बेकाबू कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार चार लोगों की मौत हो गई थी।
विज्ञापन
accident in Pratapgarh - फोटो : prayagraj
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखनऊ- वाराणसी राजमार्ग पर सोमवार की देर शाम बेकाबू कार की टक्कर से हुए हादसे में घायल मासूम नव्या की भी मौत हो गई। प्रयागराज में उपचार के दौरान तीन माह की नाव्या की भी सांसें थम गई। सोमवार को बेकाबू कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार चार लोगों की मौत हो गई थी। खबर मिलते ही परिवार के लोगों पर जैसे वज्रपात हो गया। शादी वाले घरों में सन्नाटा पसरा गया। खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों की सिसकियों से सन्नाटा टूट रहा था।

विज्ञापन


रानीगंज के कायस्थ पट्टी निवासी दस्तावेज लेखक अंचल श्रीवास्तव की बेटी मनोरमा श्रीवास्तव की मंगलवार को शादी थी। सिलमायन कार्यक्रम में सोमवार को परिवार के लोग शामिल हुए थे। देर शाम अधिवक्ता अनुज श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ दहिलामऊ स्थित घर लौट रहे थे। राजापुर मानापट्टी के करीब अनियंत्रित कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी थी। हादसे में ई-रिक्शा सवार अनुज श्रीवास्तव समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद अनुज की पत्नी आस्था, सौम्या पत्नी नवीन श्रीवास्तव और ई- रिक्शा चालक अन्नू उर्फ अनवर निवासी पड़ाव वार्ड नगर कोतवाली को मृत घोषित कर दिया था। घायल नवीन की प्रयागराज में मौत हो गई थी। आधी रात बाद नवीन की मासूम तीन माह की बेटी नाव्या की भी मृत्यु हो गई। खबर मिलते ही कोहराम मच गया।

इस मामले में अंचल की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक उमेश विश्वकर्मा निवासी भागीपुर रानीगंज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पोस्टमार्टम के दौरान पूर्व विधायक धीरज ओझा, शिव प्रकाश मिश्र सेनानी भी पहुंचे थे।

प्रयागराज के रसूलाबाद घाट पर कांपते हाथों से घायल अधिवक्ता अनुज ने पत्नी की चिता को दी मुखाग्नि

आस्था और सौम्या के शवों को पोस्टमार्टम के बाद प्रयागराज स्थित रसूलाबाद घाट ले जाया गया। जहां घायल अधिवक्ता अनुज को घाट पर लाया गया। उन्होंने कांपते हाथों से पत्नी की चिता को मुखाग्नि दी। यह देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आई थीं। घाट पर कायस्थ पट्टी से भी लोग संवेदना जताने पहुंचे थे।

एक ही चिता पर जलाए गए तीन शव, फफकते रहे लोग
हादसे में जान गंवाने वाले नवीन श्रीवास्तव मूलत: रायबरेली के रहने वाले थे। उन्होंने अपने मामा अनुज के घर के करीब ही मकान बनवाया था। पत्नी सौम्या की पहले ही मौत हो गई थी। देर रात बेटी नाव्या की भी सांसें थम गईं। शाम को परिवार के लोगों की जिद पर नवीन पत्नी सौम्या व बेटी नाव्या का शव लेकर परिवार के लोगों के साथ रसूलाबाद घाट पहुंचे। जहां एक ही चिता पर तीनों शव रखे गए। यह मंजर देख वहां परिवारीजन और रिश्तेदार फफक पड़े।

इकलौते बेटे की मौत से अन्जान रही मां

रायबरेली जनपद के ऊंचाहार थाना क्षेत्र के मरियानी निवासी नवीन अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। वह अपनी मां रेनू के साथ दहिलामऊ में रहता था। हिमाचल में निजी संस्थान में नौकरी करता था। कुछ दिनों पहले ही पत्नी सौम्या को घर भेजा था। बेटी नाव्या का जन्म होने के बाद वह घर आया था। शादी में शामिल होने के बाद सभी हिमाचल प्रदेश जाने की तैयारी में थे, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। हादसे की खबर मंगलवार दोपहर तक मां रेनू से परिवार के लोग घटना छिपाए रहे। हालांकि बाद में उन्हें शव विच्छेदन गृह ले जाकर बहू सौम्या का शव दिखाया गया। आस्था के माता-पिता भी बेटी का शव देखते ही बेहोश हो गए।

गमगीन माहौल में हुई विवाह की रस्म अदायगी, आंसुओं के बीच हुई विदा हुई दुल्हन

कायस्थ पट्टी निवासी अंचल श्रीवास्तव की बेटी मनोरमा की शादी कौशाम्बी के हजियापुर निवासी मोहित श्रीवास्तव के साथ तय थी। सोमवार को हुई घटना के बाद अंचल के परिवार पर वज्रपात हो गया। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से कोहराम मचा रहा। मंगलवार को रिश्तेदार अभय श्रीवास्तव, शैलेंद्र श्रीवास्तव और जवाहर श्रीवास्तव की देखरेख में विवाह की रस्म अदा की गई। इस दौरान भी लोग सुबुकते रहे। आंसुुओं के बीच मनोरमा की विदाई हुई। 24 घंटे पहले हंसी खुशी वाले घर में मातम पसरा था।
विज्ञापन

अनवर का शव पहुंचते ही बिलख पड़े परिजन

नगर कोतवाली के पड़ाव वार्ड निवासी ई-रिक्शा चालक अनवर उर्फ अन्नू परिवार का इकलौता कमाने वाला था। वह ई-रिक्शा चलाकर गुजर बसर करता था। सोमवार को रानीगंज के राजापुर में हुए हादसे में उसकी मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजन शव से लिपटकर रोते रहे। अन्नू के तीन बच्चे हैं। देर शाम शव को पल्टन बाजार स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें