पृथ्वीगंज नगर पंचायत में तैनात महिला ईओ ने निजता भंग होने की आशंका में कर अधीक्षक पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि कार्यालय के साथ ही उनके कक्ष में लगे सीसीटीवी में वायस रिकार्डिंग की मदद से निजी जानकारी व गतिविधियों की तस्वीर कैद कर रहे थे।
ईओ के मुताबिक कार्यालय में बेहतर कामकाज की व्यवस्था के लिए 31 दिसंबर 2022 को सीसीटीवी स्थापित कराया गया था। सीसीटीवी ईओ के कक्ष में भी लगा था। आरोप है कि सीसीटीवी में बातचीत की रिकार्डिंग सुनने के लिए अलग से डिवाइस भी लगा दी। कक्ष सहित पूरे परिसर की निगरानी के लिए आरोपी कर अधीक्षक शिवाकांत कुशवाहा अपने मोबाइल पर एप डाउनलोड कर गतिविधियों को सुरक्षित कर रहा था।
ईओ की ओर से व्यक्तिगत आचरण से संबंधित निजता भंग होने की आशंका भी जताई गई। मामले की जांच कर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज किया है।
महिला नेता ने अश्लील क्लिप बनाने पर दर्ज कराया मुकदमा
नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली एक दल की नेत्री ने अज्ञात पर केस दर्ज कराया है। पीड़िता के अनुसार उसके चेहरे से मिलती जुलती किसी दूसरी महिला के अश्लील वीडियो क्लिप को अज्ञात आरोपी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर मानसिक हनन किया है। मामले की जांच के बाद शुक्रवार को नगर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया। आईटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।