अंतू थाना क्षेत्र की एक युवती का विवाह एक साल पहले सांगीपुर थाना क्षेत्र में हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके पति सहित ससुराल के लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे।
विवाहिता ने पिता समेत परिजनों से आपबीती सुनाई थी, इसके बाद पंचायत हुई थी तब फिर से वह ससुराल गई। कुछ दिनों बाद फिर दहेज की मांग को लेकर परिजन उसे सताने लगे। उसका कहना है कि पति ने उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया और जेठ ने भी छेड़खानी की।
एसपी से शिकायत करने पर पुलिस ने पति अरुण कुमार समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। संवाद
जमीन पर कब्जा करने की शिकायत
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के सिसौरा में जमीन को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है, जबकि पुलिस दोनों पक्षों का शांति भंग की आशंका में चालान कर चुकी है। शुक्रवार को दीनानाथ पक्ष के लोग विवादित जमीन पर जबरन छप्पर रखने का प्रयास कर रहे थे, जिसका रमाशंकर तिवारी ने विरोध किया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ।
कार सवार को पीटा, छीना मोबाइल
थाना क्षेत्र के मधुपुर निवासी राजू पटेल शुक्रवार को कार से किसी के अंतिम संस्कार में शामिल होने प्रयागराज गया था। शाम को घर वापस लौटते समय होला का पुरवा, कटरागुलाब सिंह के करीब बाइक सवार छह बदमाशों ने कार रोककर चाभी छीनने की कोशिश की। इसका राजू ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी पिटाई की और मोबाइल छीनकर भाग निकले। इस दौरान कार का शीशा भी तोड़ डाला। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है।