शहर के विवेकनगर में ट्रांसफार्मर बनाते बिजली कर्मचारी। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
गर्मी के बीच ट्रांसफार्मर और हाईटेंशन लाइनों पर लोड बढ़ गया है। इस कारण ट्रांसफार्मर में फॉल्ट हो रहा है। रविवार को शहर के दहिलामऊ उपकेंद्र से जुड़े बलीपुर और विवेकनगर मोहल्ले में लगे 250 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई। इस कारण सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
जेई विजय सिंह पटेल ने बताया कि लोड बढ़ने के कारण ट्रांसफार्मर के प्लग में खराबी आ गई थी। इसे दुरुस्त करा दिया गया। वहीं रूपापुर उपकेंद्र से जुड़े गोपालापुर फीडर की बिजली आपूर्ति हाईटेंशन लाइन के नवीनीकरण के कारण सुबह 11 से शाम चार बजे तक बाधित रही।
इस कारण करीब 19 मोहल्ले के लोगों को गर्मी में परेशान होना पड़ा। जेई शैलेंद्र कुमार ने बताया कि नई हाईटेंशन लाइन बिछाने के कारण गोपालापुर फीडर से जुड़े मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
ग्रामीण अंचल के अजगरा, हंडौर, पहाड़पुर समेत अन्य उपकेंद्रों पर भी बिजली गुल हुई। अधीक्षण अभियंता छैल बिहारी ने बताया कि सभी उपकेंद्रों के कर्मचारियों को रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं।