किसानों को मशरूम उत्पादन की आधुनिक तकनीक सिखाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए छह चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सितंबर से शुरू होकर फरवरी तक चलेगा।
जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि यह प्रशिक्षण बस्ती स्थित औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र में होगा। पहला चरण 7 से 9 सितंबर 2026 तक चलेगा। इसके बाद अक्तूबर, नवंबर, दिसंबर, जनवरी और फरवरी में भी तीन-तीन दिवसीय सत्र होंगे। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। दूर-दराज से आने वाले 25 प्रशिक्षणार्थियों के लिए छात्रावास में निशुल्क ठहरने की व्यवस्था है। हालांकि, भोजन और जलपान का प्रबंध स्वयं करना होगा। प्रत्येक सत्र के लिए 50 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित है। प्रशिक्षण पुस्तिका के लिए 65 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।