साधन सहकारी समिति खूंझीकला में यूरिया वितरित होने की खबर मिलते ही किसान भीगते हुए केंद्र पर पहुंच गए। किसानों की भीड़ के कारण जल्द ही यूरिया भी खत्म हो गई। इस दौरान उन्हें परेशानी भी उठानी पड़ी।
विकास खंड बाबा बेलखरनाथ धाम क्षेत्र के सहकारी समिति खूंझीकला, ईशनपुर, जगदीशगढ़ पर शुक्रवार की शाम यूरिया की खेप पहुंची थी। इन दिनों धान की फसल में यूरिया के छिड़काव करना है। किसानों की मांग अधिक होने से समितियों पर यूरिया की खेप पहुंचते ही खत्म हो जा रही है। खूझीकला में तैनात सचिव आशीष सिंह आधार कार्ड की छायाप्रति लेकर किसानों को यूरिया की बोरियां दे रहे थे।
दोपहर में रिमझिम बरसात होने के बावजूद किसान भीगते हुए समितियों पर पहुंचकर यूरिया की बोरियों को लेकर खेतों की ओर पहुंच गए। ईशनपुर समिति के सचिव धनीराम तिवारी ने बताया कि जो किसान आ रहे हैं, उन्हें यूरिया दी जा रही है।
किसान विजय शंकर चतुर्वेदी, विनोद कुमार, अमरनाथ तिवारी, रतीलाल यादव, राम कैलाश, रियाज अहमद, यार मोहम्मद ने बताया कि शुक्रवार को ही यूरिया की खेप आने की सूचना मिली थी, इसलिए सुबह बरसात होने के बाद भी किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी।