चकबंदी की प्रक्रिया पूरी होने के दो साल बीतने के बाद भी सहेरुआ गांव की खतौनी पोर्टल पर अपलोड नहीं हो सकी है। खतौनी पोर्टल चालू कराने को लेकर पूर्व विधायक ने डीएम से मिलकर प्रार्थना पत्र दिया। डीएम ने एसडीएम को एक सप्ताह में समस्या का निराकरण करने का निर्देश दिया।
विकासखंड मानधाता के सराय गोविंदराय गांव निवासी पूर्व विधायक अब्दुल सलाम उर्फ हाजी मुन्ना की सहेरुआ ग्राम में जमीन है। उन्होंने बुधवार को कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी संजीव रंजन से मिलकर प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि सहेरुआ में चकबंदी प्रक्रिया पूर्ण हुए करीब दो वर्ष हो चुके हैं। इसके बावजूद अभी तक वरासत, दाखिल खारिज, खसरा, खतौनी से जुड़े सारे काम बाधित हैं।
आरोप लगाया कि लेखपाल की मनमानी से किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सहेरुआ के ग्राम प्रधान विकास कुमार ने भी जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा है।
उन्होंने भी ग्रामीणों व किसानों के हित में जमीन खतौनी पोर्टल चालू करने की मांग की। डीएम संजीव रंजन ने मामले में एसडीएम सदर से बात कर एक सप्ताह समस्या का एक सप्ताह में निराकरण करने का निर्देश दिया। संवाद