रास्ते की समस्या को लेकर सोमवार भोर तीन बजे टावर पर चढ़े किसान को पुलिस और एसडीएम के आश्वासन पर करीब साढ़े छह घंटे बाद नीचे उतारा गया था। मंगलवार को किसान खिलाफ बाघराय थाने के दरोगा ने तहरीर दी। उसे गिरफ्तार किया गया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
बाघराय के सिया लक्ष्मणपुर किसान सुरेश रास्ते की समस्या को लेकर सोमवार को छेंवगा गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गए थे। सुरेश ने आत्महत्या की धमकी भी दी। अनहोनी को रोकने के लिए मौके पर पहुंचे एसडीएम कुंडा अजय यादव व पुलिस पहुंची। समझाया गया तो किसान टावर से नीचे उतरा। पुलिस ने उसके घर के पास रास्ते पर किए गए अवैध अतिक्रमण को तुरंत हटवा दिया।
टावर पर चढ़ने के दौरान किसान ने पानी के बोतल को पेट्रोल बताया था। किसान के नीचे उतरने पर बोतल की जांच की गई तो पानी मिला। एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय ने बताया कि बाघराय थाने के एसआई विनोद सिंह यादव की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है। पुलिस के अनुसार, इसके पहले दीवानी कोर्ट परिसर में पानी की टंकी पर चढ़ने वाली युवती के खिलाफ भी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी।