पशुशाला में सो रहे अधेड़ की मौत, हत्या की आशंका
पशुशाला में सो रहे अधेड़ की मौत हो गई। देर रात परिजनों ने उसका शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने शरीर पर चोटों के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई है। जबकि पुलिस किसी जानवर के कुचलने से मौत की आशंका जाहिर कर रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के बंधवा गांव निवासी राम गणेश पटेल (46) पुत्र पंचम पटेल बीती शाम गांव के किनारे बाग में बनी पशुशाला में सोने के लिए गया था। रात में करीब 8 बजे उसकी पत्नी शिवकुमारा देवी उसके लिए खाना लेकर पशुशाला पहुंची तो वह नहीं मिला। इस पर वह वहीं खाना रखकर घर चली गई। रात में 11 बजे के करीब उसका बेटा गौशाला पर पहुंचा तो राम गणेश की रक्तरंजित लाश पड़ी हुई थी। यह बात उसने घर पर जाकर बताई तो परिजन भागकर मौके पर पहुंचे। वहां रामगणेश का शव नीचे पड़ा था और उसके ऊपर चारपाई उल्टी रखी थी। उसके सिर सहित शरीर में काफी चोटों के निशान थे और एक आंख भी फूटी हुई थी।
उसके शोर मचाने पर गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद सूचना पुलिस को दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक तुषारदत्त त्यागी घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर थाने चले आए। मृतक के चार बेटियां निर्मला, सोनी, मोनी व सेजल व तीन पुत्र रंजीत, कृष्णा व विपिन हैं। परिजनों का कहना है कि उसकी हत्या कहीं और करके शव को गोशाला में रख गया है। उधर पुलिस को आशंका है कि शव को किसी जानवर ने कुचल दिया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। देर शाम तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी थी।
संग्रामगढ़ के बंधवा गांव के पास पशुशाला में चोटों से हुई मौत की जानकारी पर एडिशनल एसपी भी मौके पर पहुंचे। सुबह ग्रामीणों ने खेतों में एक जगह खून के छीटे देखे। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई तो मौके पर पुलिस ने पहुंचकर जांच की। मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी ने खून का सैंपल लेने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया। फोरेंसिक टीम ने खेत में मिले खून के छीटे और शव मिलने वाले स्थान पर मिले खून का नमूना लिया। कहा जा रहा है कि दोनों जगह मिलने खून के नमूनों का मिलान किया जाएगा। इसके साथ ही जांच की दिशा तय होगी।
बारिश का पानी गांव में चढ़ जाने के कारण मृतक ने बाग में पशुशाला बनाई थी। घर में पानी जाने के कारण कुछ दिन के लिए उसका परिवार भी यही रहता था। बाद में उसे अकेले ही पशुओं की रखवाली के लिए रात में रुकना पड़ता था। फिलहाल परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर पशुओं के लिए हुए विवाद के कारण हत्या की आशंका जाहिर की है।
संग्रामगढ़ के बंधवा गांव निवासी राम गण्ेाश का घर गांव में है। बरसात में गांव में पानी भर जाने के कारण उसने बाग में पशुशाला बनाई थी। इसके बाद जानवरों के साथ ही वह अपने पूरे परिवार के साथ बाग में रहता था। बाद में पानी कम होने पर परिवार के लोग घर में रहने लगे और उसे जानवरों की रखवाली के लिए रात में वहीं रुकना पड़ता था। परिजनों के अनुसार गांव का ही एक व्यक्ति कुछ दिन पहले रात में उसका जानवर खोलने आया। उसे राम गणेश ने देख लिया था। इसके चलते उसकी उससे लड़ाई हो गई थी। गांव के उस व्यक्ति ने राम गणेश को देख लेने की धमकी दी थी। ग्रामीणों ने दिन में खेत में मिले खून के छीटों से भी शक जाहिर किया है कि उसकी हत्या कहीं और की गई। बाद में उसका लाकर पशुशाला में रख दिया गया। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इस पर से पर्दा उठ जाएगा। राम गणेश के शरीर पर चोटों के निशान थे। उसकी एक आंख भी फूट गई है। अगर किसी ने उसे मारा है तो निचित ही वह उससे काफी ईष्र्या रखता होगा। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस घटना में जांच की दिशा तय हो पाएगी।
संग्रामगढ़ के बंधवा गांव में अधेड़ की मौत की सूचना पर पहुंचे एडिशनल एसपी।- फोटो : PRATAPGARH