फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अपराध रोकने में नाकाम प्रतापगढ़ के एसपी सस्पेंड

Tue, 17 Jul 2018 12:36 AM IST
प्रतापगढ़ ब्यूरो
विज्ञापन
news - फोटो : प्रतापगढ़
विज्ञापन
महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध को लेकर सरकार की हो रही किरकिरी के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा एक्शन लेते हुए संभल के एसपी राधे मोहन भारद्वाज ओर प्रतापगढ़ के एसपी संतोष कुमार सिंह- प्रथम को निलंबित कर दिया है।
विज्ञापन

संभल में एक युवती को उसके ससुराल में गैंगरेप के बाद जलाकर मार डाला गया था। इस घटना ने सरकार की जमकर फजीहत कराई थी। इसी तरह, प्रतापगढ़ में एक लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद प्रतापगढ़ में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सीएम योगी ने प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार व डीजीपी ओम प्रकाश सिंह से पूरी रिपोर्ट तलब की थी। प्रमुख सचिव गृह ने बताया कि 2012 बैच के आईपीएस अफसर यमुना प्रसाद को संभल और 2011 बैच के देव रंजन वर्मा को प्रतापगढ़ का नया एसपी बनाया गया है। देव रंजन वर्मा को कुछ ही दिन पहले शामली से हटाया गया था।

छात्रा की हत्या में लापरवाही पर एसओ सस्पेंड
 बाघराय इलाके में छात्रा की हत्या कर शव पेड़ से लटकाए जाने के मामले में लापरवाही बरतने पर रविवार देर रात आईजी ने प्रभारी एसओ को सस्पेंड कर दिया। रात में ही गांव पहुंचे आईजी ने घटना को लेकर ग्रामीणों के बयान दर्ज किए और बारीकी से निरीक्षण किया।
विज्ञापन

बाघराय थाना क्षेत्र के फत्तूपुर हरिहरपुर निवासी सुधाकर यादव की बेटी प्रतिमा (17) का शव घर से दूर नीम के पेड़ पर रविवार की सुबह फंदे से लटकता मिला था। परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम के बाद शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। परिजन बाघराय एसओ सियाराम वर्मा के खिलाफ नाराजगी जता रहे थे। उनका आरोप था कि थानाध्यक्ष प्रतिमा की हत्या को आत्महत्या ठहरा रहे थे। जबकि उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। देर शाम तहसीलदार के मुआवजा और 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर जाम हटाया गया। रात करीब पौने नौ बजे एसपी संतोष सिंह मौके पर पहुंचे। इसके साथ महेशगंज, हथिगवां, जेठवारा थाने की पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंच गई। देर रात पुलिस ने संदीप पुत्र जोखू व केशव पुत्र ओमप्रकाश सरोज को गिरफ्तार कर लिया। रात करीब दस बजे आईजी जोन रमित शर्मा भी बाघराय पहुंच गए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आटा चक्की पर पहुंचे। परिवार के लोगों से बातचीत की। परिवारीजनों ने एसओ सियाराम वर्मा पर आरोप लगाया कि उन्होंने नामजद आरोपी के पिता को पकड़ने के बाद छोड़ दिया। इसके अलावा किशोरी की मौत को आत्महत्या बताते रहे। इसे गंभीरता से लेते हुए आईजी ने एसओ बाघराय सियाराम वर्मा को सस्पेंड कर दिया। बाघराय पुलिस ने सोमवार की सुबह तीसरे आरोपी अवधेश गुप्ता पुत्र रामबहादुर को भी हिरासत में ले लिया। रात में ही सीओ सदर रमेशचंद्र ने ग्रामीणों के बयान दर्ज किए।

आनरकिलिंग की आशंका भी जता रही पुलिस
छात्रा की हत्या व आत्महत्या के बीच अब आनरकिलिंग की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है। लोगों का कहना है कि रात में परिवार के लोग छात्रा को आटाचक्की से पकड़कर घर ले गए थे। शोरशराबा चक्की के पास हुआ था, लेकिन जब ग्रामीण पहुंचे तो वहां कोई नहीं था।
बाघराय पुलिस के मुताबिक प्रतिमा गांव के एक युवक से प्रेम करती थी। शनिवार की रात आटा चक्की पर शोरशराबा सुनकर गांव के लोग पहुंचे। छात्रा के भी चीखने-चिल्लाने की आवाज आ रही थी। छात्रा की हत्या में आरोपी बनाया गया संदीप पुत्र जोखू गांव के ही अवधेश की आटा चक्की पर काम करता है। घटना के समय वह अपने साथी केशव पुत्र ओमप्रकाश सरोज के साथ मौजूद था। रात में लड़की के घरवालों को आते देख केशव और संदीप वहां से भाग निकले। इसके बाद परिजन चक्की पर मौजूद किशोरी को अपने साथ घर ले गए। अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि किशोरी को परिवार के लोग घर ले गए तो वह फिर कैसे गायब हो गई। इसकी भनक तक परिवार के लोगों को नहीं लगी। पुलिस इस दिशा में छानबीन कर रही है।

पोस्टमार्टम में गला कसने से मौत की पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला कसने से छात्रा की मौत की बात सामने आई है। दुष्कर्म की हकीकत जानने के लिए स्लाइड जांच को भेजी गई है। उसकी रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है। अब सवाल यह उठता है किशोरी ने खुद फांसी लगाई या जबरन उसे फांसी पर लटका दिया गया। यह पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा।
बाघराय के फत्तू का पुरवा की रहने वाली प्रतिमा (17) पुत्री सुधाकर का शव घर से दूर रैनिया तालाब के पास सूनसान स्थान पर रविवार की सुबह नीम के पेड़ से लटकता मिला था। परिजनों ने तीन लोगों पर दुराचार के बाद फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रतिमा का मौत का कारण गला कसना बताया गया है। रिपोर्ट में यह भी सामने आई है कि उसके साथ प्रथमदृष्टया रेप नहीं हुआ है। हालांकि इसकी पुष्टि के लिए डाक्टरों ने स्लाइड जांच को लखनऊ भेजा है। वहां की रिपोर्ट के बाद पुलिस आगे कदम उठाएगी।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें