जिला पंचायत की बैठक में सोमवार को अव्यवस्था से खिन्न सदस्य बीच में ही बैठक छोड़कर बाहर निकल आए। हालांकि बाद में अध्यक्ष व विधायक बाबागंज के समझाने पर बैठक में शामिल हुए। जिला पंचायत के गैरहाजिर जेई के खिलाफ सख्त कार्रवाई को सदन ने प्रस्ताव पास किया। गेल इंडिया की मनमानी के अलावा सड़क, पानी, बिजली समेत जनता की सहूलियत का मुद्दा बैठक में छाया रहा।
जिला पंचायत की बैठक सोमवार को अध्यक्ष उमाशंकर यादव की अध्यक्षता में प्रारंभ हुई। बैठक में बाबागंज विधायक विनोद सरोज, एमएलसी प्रतिनिधि अनिल कुमार सिंह लाल साहब भी शामिल हुए। चर्चा के दौरान ही सदस्यों ने गांवों में बीमारी की रोकथाम का मुद्दा उठाया। जिला पंचायत सदस्य अमरपाल यादव ने कहा कि बैठक में जवाबदेह अधिकारियों के न आने से कोई कार्रवाई नहीं हो पाएगी। सदस्य मोहम्मद आरिफ ने जिला पंचायत परिसर में स्थित गेस्ट हाउस को सदस्यों के लिए आरक्षित रखने की मांग उठाई। पीएमजीएसवाई से बनी विश्वनाथगंज से मानधाता क्षतिग्रस्त मार्ग का भी मामला उठाया। इसे गंभीरता से लेते हुए कार्यदायी संस्था के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात कही गई। इस दौरान बोर्ड की बैठक से गायब जेई के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए शासन को पत्र भेजने का प्रस्ताव सदन में रखा गया। चर्चा के दौरान ही अव्यवस्था से नाराज सदस्य बबलू सिंह, अमरपाल यादव, आरिफ, विनय सिंह समेत 20 से अधिक सदस्य बैठक छोड़कर बाहर चले गए। उसी समय मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) भी पहुंच गए। उन्होंने सदस्यों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। हालांकि कुछ देर बाद सदस्यों को अध्यक्ष व बाबागंज विधायक विनोद सरोज समझाकर सदन में ले आए।
सांसद कौशांबी विनोद सोनकर भी बैठक में विलंब से पहुंचे। बैठक में गेल इंडिया द्वारा गैस पाइप लाइन बिछाने में किसानों को दिए जाने वाले मुआवजे पर चर्चा हुई। सदस्यों ने बताया कि गेल इंडिया से किसानों को मिला चेक बाउंस हो रहे हैं। किसानों को मुआवजे की रकम भी मनमानी तरीके से दी जा रही है। सीडीओ ने संबंधित विभाग के पास कार्रवाई के लिए पत्र भेजने का आश्वासन दिया। सड़क, पानी, बिजली व स्कूलों को लेकर भी मुद्दा उठा। अध्यक्ष उमाशंकर यादव ने सदस्यों को आश्वासन दिया कि उनकी हर मांगों को पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। सभी सदस्यों के प्रति अपर मुख्य अधिकारी ने आभार जताया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुखपति बाबागंज पंकज सिंह, संतोष सिंह, प्रफुल्ल सिंह, दिनेश सिंह, बीएन सिंह, राम अचल वर्मा, लल्लन, मैसाद अहमद समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
इनसेट-----
पेयजल टंकी निर्माण की धनराशि हो गई गायब
जिला पंचायत सदस्य विजय यादव ने सदन के सामने सपा सरकार में स्वजलधारा योजना के तहत लाखों की लागत से निर्माणाधीन पानी की टंकी का मामला उठाया। अधूरा काम छोड़कर कार्यदायी संस्था फरार है। प्रभारी एक्सईएन जल निगम ने बताया कि आधी धनराशि दूसरे कार्य में खर्च कर दी गई है। यह एक मामला नहीं बल्कि 26 योजनाओं का रकम दूसरे मद में खर्च कर दिया गया है। इसे सुनने के बाद हर कोई हैरत में पड़ गया।
इनसेट-------
लंच पैकेट का इंतजार ही करते रहे गए सदस्य
जिला पंचायत सभागार में बैठक के दौरान अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला। पानी की किल्लत के साथ ही सदस्यों को नाश्ता वितरण करने की बात कह दी गई लेकिन किसी के पास लंच पैकेट नहीं पहुंचा। जिस पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। सदस्यों के बाहर जाने पर अपर मुख्य अधिकारी के आदेश पर लंच पैकेट वितरित किया जाने लगा। सभागार में मौजूद आधे सदस्यों व अधिकारियों को लंच पैकेट वितरित करने के बाद फिर रोक दिया गया। इसके चलते आधे से अधिक सदस्य व अधिकारियों को लंच पैकेट नहीं मिल सका। इससे हर कोई हैरत में दिखा।