पट्टी विधानसभा के पांच बड़े बाजारों को नगर पंचायत बनाने की कवायद तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह के प्रस्ताव पर शासन ने जिला प्रशासन से प्रस्तावित नगर पंचायतों में शामिल होने वाले इलाकों की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। रिपोर्ट मिलने के बाद पट्टी विधानसभा के ढखवा, कोहड़ौर, सैफाबाद, रामगंज और उड़ैयाडीह बाजार को नगर पंचायत का दर्जा दिया जा सकता है।
पट्टी विधानसभा में अभी तक केवल पट्टी नगर पंचायत ही है। इलाके के पांच बड़े बाजार ढखवा, कोहड़ौर, रामगंज, सैफाबाद व उड़ैयाडीह को नगर पंचायत बनाने के लिए कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ को प्रस्ताव सौंपा था। इस मामले में शासन ने प्रस्तावित पांचों नगर पंचायतों के सिलसिले में जिला प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है।
नगर पंचायत बनाने के लिए बीस हजार की आबादी जरूरी है। जिस इलाके को नगर पंचायत बनाया जाना है उस इलाके में लोगों के रहने व जीवनयावन की सुविधाएं पहले से होने की जरूरत होती है। शासन से मिले पत्र को लेकर जिला प्रशासन हलाकान है। उसे अगस्त माह के भीतर ही रिपोर्ट तैयार कर भेजनी है।
पट्टी विधानसभा में प्रस्तावित नगर पंचायत ढखवा, कोहड़ौर, रामगंज, सैफाबाद और उड़ैयाडीह बाजार की आबादी व गाटा संख्या का सर्वे करने के लिए राजस्व विभाग की टीम लगा दी गई है। राजस्व विभाग की टीम सभी कार्यों को छोड़कर केवल प्रस्तावित नगर पंचायत में शामिल होने वाले गांव व उनकी गाटा संख्या का संकलन करने के साथ ही नक्शा तैयार कराने के लिए माथापच्ची करने पर मजबूर है।
नगर पंचायत बनने से मिलेंगी शहर जैसी सुविधाएं
पट्टी विधानसभा क्षेत्र के इन पांच बड़े बाजारों को पहले से ही नगर पंचायत बनाने की मांग की जा रही थी। प्रस्तावित नगर पंचायतों के बन जाने के बाद उस इलाके के लोगों को शहर जैसी सुविधाएं मिलने लगेगीं। पेयजल की समस्या दूर होगी। आवागमन के लिए पक्की सड़कें बनेंगी। प्रधानमंत्री आवास के पात्रों को ढाई लाख रुपये मिलेंगे। हर दिन साफ-सफाई होगी। बिजली व्यवस्था भी दुरुस्त होगी।
शासन के पत्र पर प्रस्तावित नगर पंचायतों की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। नगर पंचायत के लिए शासन ने जो मानक निर्धारित किया है उसके हिसाब से रिपोर्ट तैयार करने के लिए राजस्व कर्मियों को लगाया गया है। ताकि समय से शासन को ऱिपोर्ट भेजी जा सके। नगर पंचायत बन जाने से उस इलाके का बेहतर विकास होगा। डीपी सिंह, उपजिलाधिकारी, पट्टी।