आसपुर देवसरा थाने के सौराई में दुल्हे के अचेत होने के बाद पुलिस की मध्यस्थत हो रही पंचायत।
- फोटो : PRATAPGARH
मंडप में शादी के दौरान इंजीनियर दूल्हे को अचानक दौरा आ गया। वह गश खाकर जमीन पर गिर पड़ा। यह देख दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। लड़की वालों ने शादी में खर्च किए गए रुपए की मांग को लेकर दूल्हे व परिवार के लोगों को बंधक बना लिया। बुधवार सुबह शादी का खर्च लौटाने की बात पर दोनों पक्षों में सुलह हुआ। ऐसे में बिना दुल्हन के ही बरात को बैरंग लौटना पड़ा।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के सौराई निवासी रंजन पुत्री सतीशचंद्र मिश्र की की शादी लखनऊ के जानकीपुरम निवासी इंजीनियर अखिलेश पुत्र अनिल कुमार पांडेय के साथ तय हुई थी। मंगलवार की शाम बारात गांव पहुंची तो बारातियों का जमकर स्वागत सत्कार किया गया। द्वारपूजा व जयमाल की रश्म के बाद मंडप में शादी का कार्यक्रम शुरू हुआ।
इस दौरान अचानक दूल्हे को मिर्गी का दौरा आ गया। इससे वह जमीन गिर पड़ा। दूल्हे की यह हालत देख दुल्हन घबरा गई और उसने शादी से इंकार कर दिया। बाद में बारातियों को वापस भेज कर दूल्हे व परिवार के लोगों को बंधक बना लिया।
दोनों पक्षों के बीच समझौता होता रहा। बाद में यह तय हुआ कि वर पक्ष शादी में खर्च किए गए 3 लाख 20 हजार रुपये लौटा दें तो कन्या पक्ष के लोग जेवरात वापस कर देंगे। पंचायत के बाद लेनदेन पर समझौता हो गया। जिसके बाद बिना दुल्हन बरात वापस लौट गई। सैफाबाद चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने शादी में हुए खर्च को लेकर आपस में पंचायत करके सुलह समझौता कर लिया है।