मेडिकल कालेज गेट के बगल अतिक्रमण में लगे टीनशेड को तोड़ता पालिका का जेसीबी। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
राजापाल चौराहे से जीआईसी के पास वेडिंग जोन में बगैर सूचना के अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। हालांकि इसके बाद भी पुलिस की मौजूदगी में कई दुकानों के सामान कब्जे में लेकर नगर पालिका की टीम ने कंपनी बाग स्थित गोदाम में भेज दिया। इस पर दुकानदारों ने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रकट जताया।
नगर पालिका की टीम शहर की अलग-अलग सड़कों से अतिक्रमण हटाने का काम बीते माह से कर रही है। किसी कारण से पंद्रह दिन से अभियान को रोका गया था। सोमवार की शाम नगर पालिका की टीम बुलडोजर, विभागीय वाहन व भारी संख्या में कर्मचारियों को लेकर प्रताप बहादुर अस्पताल के पास पहुंच गई। राजापाल चौराहे से जीआईसी तक नो वेंडिंग जोन में अतिक्रमण हटाने के दौरान कई अवैध दुकानों को कब्जे में लिया गया।
जबकि सड़क की पटरी पर रखे दुकानों के सामान कब्जे में लेकर टीम ने करीब दो दर्जन दुकानदारों का चालान कर दिया। टीम कार्रवाई से नाराज दुकानदारों ने हंगामा करते हुए नगर पालिका के खिलाफ नरेबाजी की। शाम के समय कंपनी बाग गोदाम के पास कई दुकानदार एक साथ पहुंचे और कब्जे में लिए गए दुकानों के सामान लौटाने की मांग को लेकर हंगामा किया।
फिलहाल, नगर पालिका ने जुर्माना जमा करने के बाद ही सामान लौटाने का दावा किया है। नगर पालिका के ईओ मुदित सिंह ने बताया कि सूचना देने के बाद अतिक्रमण हटाया जा रहा है। पटरी पर रखे सामान व अवैध दुकानों को कब्जे में लेकर चालान की कार्रवाई अब रोजाना की जाएगी।