दिलीपपुर के नजियापुर जंगल में सोमवार की रात बाइक सवार बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली बदमाश के पैर में लगी। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेंद्र लाल ने बताया कि 10 नवंबर को कंधई थाना क्षेत्र के दुलापुर की रहने वाली सीता देवी मां बेल्हा देवी धाम से पूजा कर घर जा रही थीं। सदर मोड़ पर टेंपो के इंतजार में बैठी थीं। तभी दो बाइक सवार उसे घर पहुंचाने का झांसा देकर बाइक पर बैठा लिए। दिलीपपुर थाना क्षेत्र में सुनसान स्थान देख बुजुर्ग महिला को बाइक से उतारते हुए उसके गले से चेन लूटकर बदमाश भाग निकले। मुकदमा दर्ज कर पुलिस की टीम बदमाशों की तलाश में लगी थी।
सोमवार की रात नजियापुर जंगल में बदमाशों की तलाश में पहुंची दिलीपपुर पुलिस को देख बाइक सवार फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दिलीपपुर के मिसिद्दीपुर निवासी 22 वर्षीय वेद प्रकाश शर्मा के पैर में गोली लगी। उसका साथी अंधेरे में भाग निकला। घायल बदमाश को सीएचसी ले जाया गया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
एएसपी ने बताया कि घटना के कुछ दिन पहले ही लुटेरा वेद प्रकाश मुंबई से आया था। घटना के बाद वह मुंबई जाने की तैयारी में था। मुंबई में ट्रक चलाता है। उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों की खोजबीन की जा रही है। फरार साथी भी जल्द ही गिरफ्त में होगा।