इलाहाबाद से आई एसटीएफ टीम ने शनिवार दोपहर लालगंज कोतवाली के घरौरा में शातिर बदमाश को मुठभेड़ के दौरान धर दबोचा। कुछ देर बाद एसटीएफ की टीम ने लीलापुर पुलिस चौकी के सामने चाय की दुकान पर बैठे प्रधानपति खरगपुर को उठा लिया। दिनदहाड़े प्रधानपति के अपहरण का हल्ला मचा तो ग्रामीणों ने चौकी घेर ली। ग्रामीणों के भीड़ के कारण हाईवर पर जाम के हालात पैदा हो गए। सूचना मिलने पर पहुंचे लालगंज कोतवाल ने सभी को समझा बुझाकर शांत कराया। इसे लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चांए होती रहीं।
शनिवार को सर्विलांस के माध्यम से अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में बैठे शातिर बदमाशों की सूचना मिलने पर उन्हें दबोचने के लिए इलाहाबाद एसटीएफ के इंस्पेक्टर श्रीनिवास यादव की अगुवाई में टीम लालगंज कोतवाली क्षेत्र में पहुंची। टीम के लोगों लोनी नदी के करीब घरौरा गांव के शातिर बबलू को दबोचने के लिए डेरा डाल दिया। वह दिखा तो टीम के लोगों ने उसे दबोचने के लिए दौड़ा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो भाग रहे शातिर बदमाश ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। टीम के लोगों ने भी जवाबी फायरिंग की। हालांकि पुलिस की घेराबंदी में बबलू फंस गया। उसे दबोचने के बाद टीम के लोग लीलापुर पुलिस चौकी पहुंचे। चौकी के सामने गुड्डू मिश्रा की चाय की दुकान पर खरगपुर के प्रधानपति शशिकांत मिश्र उर्फ भोले बैठे थे। उनके साथ गांव के लोग भी थे। तभी एसटीएफ की टीम पहुंची और तीन सिपाही उतरकर प्रधानपति को चार पहिया वाहन में बैठा लिए। प्रधानपति को वाहन में बैठाने के बाद टीम फिर शहर की ओर गाड़ी मोड़ दी। कुछ देर में प्रधानपति का मोबाइल बंद हो गया। थोड़ी ही देर में हल्ला मच गया कि प्रधानपति भोले का अपहरण हो गया है। देखते ही देखते भारी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने चौकी घेर लिया। वे अपहरण की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। ग्रामीणों की भीड़ के कारण लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर जाम के हालात पैदा हो गए। ग्रामीणों को उग्र होता देख चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। कुछ देर बाद लालगंज कोतवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की बाबत आला अधिकारियों से बात की। इसके बाद प्रधानपति को लेकर ग्रामीणों से बातचीत की। तब जाकर ग्रामीण शांत होकर हटे। इसे लेकर दिन भर लीलापुर से लेकर रानीगंज अजगरा बाजार तक माहौल गरमाया रहा। एसटीएफ के इंस्पेक्टर श्रीनिवास यादव ने बताया कि प्रधानपति समेत कुछ लोगों को पूछताछ के लिए उठाया गया है।