अंतू रेलवे स्टेशन पर पद्मावत एक्सप्रेस के नीचे आने से बुजुर्ग यात्री की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत का मंजर देख यात्री के रोंगटे खड़े हो गए। रेलवे पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों में चीख पुकार मच गई।
अमेठी के संग्रामपुर थाना क्षेत्र स्थित नारायणपुर निवासी दूधनाथ कनौजिया (62) मुंबई में रहकर ऑटो रिक्शा चलाते थे। परिवार में मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन था। मुंबई से लखनऊ पहुंचने के बाद पद्मावत एक्सप्रेस से शुक्रवार की दोपहर अंतू रेलवे स्टेशन पहुंचे। ट्रेन से उतरते समय उनका कुछ सामान ट्रेन के नीचे गिर गया। सामान उठाने के लिए ट्रेन के नीचे रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। अचानक ट्रेन चल पड़ी, जिसकी चपेट में आने से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बुजुर्ग की पहचान की। शव का शिनाख्त होने के बाद रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।