कानूपुर चौराहे पर बृहस्पतिवार की सुबह करीब पांच बजे साइकिल सवार बुजुर्ग से तेज रफ्तार कार टकरा गई। हादसे के दौरान पास में मौजूद भयाहू बुजुर्ग को बचाने पहुंची तो कार की चपेट में आ गई। पुलिस चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे से कार चालक की तलाश कर रही है।
कानूपुर के रामआसरे विश्वकर्मा (60) की चौराहे पर लोहे के उपकरण बनाने की दुकान है। बृहस्पतिवार की सुबह वह साइकिल से दुकान जा रहे थे। चौराहे के पास अनियंत्रित कार उनसे टकरा गई। बुजुर्ग के साथ हादसा होता देख कुछ दूरी पर खड़ी भयाहू भुवनेश्वरी देवी ने कार चालक को रोकने का प्रयास किया लेकिन रफ्तार तेज होने की वजह से वह भी चपेट में आकर घायल हो गईं।
हादसे में रामआसरे की मौके पर ही मौत हो गई। घायल को सीएचसी बाघराय से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ सदर मनोज रघुवंशी ने बताया कि चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों से कार को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही कार चालक को पकड़ लिया जाएगा।