वैवाहिक कार्यक्रम में अब लोगों को गैस सिलिंडर की परेशानी नहीं होगी। व्यावसायिक सिलिंडर पर बरातियों के लिए व्यंजन तैयार होंगे। जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में लोग विवाह का कार्ड लगाकर अधिकतम आठ सिलिंडर ले सकेंगे।
सेल्स अफसर आवेदन की जांच कर सिलिंडर मुहैया कराने के लिए गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश देंगे। सेल्स अफसर जांच के दौरान लोगों की संख्या की जानकारी लेंगे। उसी के अनुसार आवेदकों को व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति की जाएगी।
लोगों की संख्या की जानकारी देने पर मिलेंगे सिंलिडर
जिला पूर्ति अधिकारी अनुभव त्रिवेदी ने बताया कि वैवाहिक कार्यक्रम के लिए अधिकतम आठ सिलिंडर आवेदकों को दिए जाएंगे। उन्हें कार्यक्रम में शामिल लोगों की संख्या की जानकारी देनी होगी। अफसर जांच के बाद गैस एजेंसी संचालकों को व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति के निर्देश देंगे। आवेदकों को सिलिंडर लेते समय खाली सिलिंडर देना होगा। खाली सिलिंडर नहीं देने पर सिक्योरिटी मनी जमा करनी होगी। सिलिंडर लौटाते समय सिक्योरिटी मनी वापस कर दी जाएगी।