उदयपुर थाना क्षेत्र शाल्हापुर सरैया में जेट्रोफा खाने से बीमार बच्चों को एम्बुलेंस से सीएचसी ले
- फोटो : PRATAPGARH
उदयपुर। जेट्रोफा का फल खाने से आठ बच्चों की हालत बिगड़ गई। सभी के उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ने पर गांव में हड़कंप मच गया। आननफानन में सभी बच्चों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उदयपुर थाना के साल्हापुर सरैया गांव के बच्चे शनिवार की शाम बाग की ओर खेलने गए थे। जहां खेलने के दौरान आठ बच्चों ने जेट्रोफा के गिरे हुए फल खा लिए। इसके बाद बच्चे अपने घर चले गए। अचानक बच्चों के पेट में दर्द होने लगा। थोड़ी देर बाद उन्हें उल्टियां शुरू हो गईं। एक साथ आठ बच्चों की तबियत बिगड़ने से गांव में हड़कंप मच गया। पीड़ित प्रतीक सरोज (11) पुत्र चंद्रभान सरोज , शशांक (8) व प्रशांत (3) पुत्रगण चंद्रभान सरोज, आकाश (13) पुत्र पप्पू सरोज, देव (9) पुत्र दीपक सरोज, शगुन (6) पुत्री ब्रजलाल सरोज, शिवा (10) पुत्र राजू सरोज, रोशनी (14) पुत्री मुन्नू सरोज को सांगीपुर सीएचसी लाया गया। वहां इलाज के बाद भी हालत में सुधार न होने पर डाक्टरों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित रोशनी ने बताया कि गांव के पास बाग में खेलने के दौरान सभी ने जेट्रोफा फल खा लिया था।