पीसीएस 2014 की परीक्षा में महिलाओं में टाप करने वाली और आल ओवर छठवीं रैंक प्राप्त करने वाली प्रिया सिंह के बुधवार को घर पहुंचने पर परिजनों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। बेल्हा की महिलाओं और छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी प्रिया से मिलने के लिए मोहल्ले की महिलाएं भी उमड़ पड़ीं।
शहर के मीराभवन निवासी योगेंद्रकांत सिंह की बेटी प्रिया सिंह ने शहर के जीजीआईसी से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण कर आगे की पढ़ाई इलाहाबाद विवि से की। प्रिया की मां ने बेटी का हौसला ऐसा बढ़ाया कि सफलता उसके कदम चूमने लगी। बचपन से ही पढ़ाई प्रति सजग रहने वाली प्रिया सिंह ने हाईस्कूल में 64 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 87 प्रतिशत अंक प्राप्त किया था। प्रिया के पिता योगेंद्रकांत सिंह मीराभवन कालोनी में एनबीएस जूनियर हाईस्कूल चलाते हैं। मां आशा सिंह इसी स्कूल में प्रिंसिपल हैं।
दो बहनों में छोटी और भाइयों बड़ी प्रिया का संकल्प था कि वह एसडीएम बनकर समाज की सेवा करेगी। प्रिया ने बताया कि पढ़ाई में कई बार बाधा भी आई, मगर वह अपने फैसले से कभी नहीं डिगी। बुधवार को प्रिया के घर पहुंचने पर माता-पिता के साथ ही मोहल्ले के लोगों ने गर्मजोशी से उसका स्वागत किया। प्रिया के घर दिन भर रिश्तेदारों और मोहल्ले के लोगों का तांता लगा रहा। तैयारी करने वाली छात्राओं को सफलता का मंत्र देते हुए प्रिया ने कहा कि कर्म करना चाहिए, फल की इच्छा नहीं करना चाहिए।