प्रशासन की चाक चौबंद व्यवस्था के बीच लेखपाल भर्ती सकुशल परीक्षा संपन्न हो गई। परीक्षा में करीब 24 हजार अभ्यर्थियों ने किस्मत आजमाई। लगभग छह हजार ने परीक्षा छोड़ दी। पुलिस संग परीक्षा केंद्रों पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट बराबर परीक्षार्थियों पर नजर रखे हुए थे। प्रशासन का दावा है कि बीस प्रतिशत ने परीक्षा छोड़ी है। देर रात तक कॉपियों के जमा करने का काम राजकीय इंटर कालेज में जारी रहा।
लेखपाल भर्ती परीक्षा जिले के 26 केंद्रों पर हुई। परीक्षा दो पालियों में हुई। सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी। कुल 29856 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिसमें करीब छह हजार परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। प्रशासन ने परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए कड़े प्रबंध किए थे। सभी केंद्रों पर जिला स्तरीय अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया था। वे दरोगा व पुलिसकर्मियों के साथ बराबर निगाह रखे हुए थे। गेट पर ही परीक्षार्थियों की सघन तलाशी लेने के बाद प्रवेश दिया जा रहा था। कई परीक्षा केंद्रों पर भारी भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी। इलाके के थानेदारों को भी लगाया गया था।
ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो सके। परीक्षा केंद्र से दौ सौ मीटर तक मौजूद लोगों को भगा दिया गया। इस दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट बराबर केंद्रों का भ्रमण करते रहे। जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार चौरसिया, अपर जिलाधिकारी पुनीत शुक्ला, एसडीएम सदर जेपी मिश्र दोनों पालियों की परीक्षा में केंद्रों का भ्रमण कर जायजा लेते रहे। डीएम एमडीपीजी कालेज, अजब नारायण इंटर कालेज, आदर्श इंटरमीडिएट कालेज, राजकीय इंटर कालेज, पीबी कालेज, आत्रेय एकेडमी समेत अन्य परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। वहां तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेटों को आवश्यक निर्देश दिया। उधर, पट्टी तहसील क्षेत्र के चार परीक्षा केन्द्रों पर लेखपाल भर्ती परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई। इन चार केन्द्रों पर कुल 1920 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। लालगंज तहसील क्षेत्र में राजस्व लेखपालों की लिखित परीक्षा कड़ी निगरानी में सकुशल संपन्न हुई।