सड़क हादसे में मृत युवक मोहम्मद नदीम। फाइल फोटो
- फोटो : PRATAPGARH
प्रतापगढ़। प्रयागराज-प्रतापगढ़ राजमार्ग स्थित मानधाता थाना के देल्हूपुर बाजार के समीप कार की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि उस पर सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रयागराज जनपद के मऊआइमा थाना क्षेत्र के दुबाही गांव निवासी मोहम्मद नदीम (32) पुत्र निजामुद्दीन ई-रिक्शा चलाता था। शुक्रवार को वह अपने चाचा के बेटे इश्तियाक अहमद (14) पुत्र नियाजउद्दीन व सोनू (23) पुत्र शरीफ को ई-रिक्शा से लेकर देल्हूपुर आ रहा था। देल्हूपुर बाजार के समीप स्थित इंटर कालेज के पास सामने से आ रही कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। इससे तीनों घायल हो गए। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस घायलों को लेकर जिला अस्पताल जा रही थी। रास्ते में नदीम की मौत हो गई। इश्तियाक की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। जबकी सोनू का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक की दो साल की एक बेटी नुसरत है।
ओझला गांव में मिली प्रयागराज के युवक की लाश
प्रतापगढ़। प्रयागराज के एक युवक का शव कंधई थाना के ओझला गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना इलाकाई पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर रोते-बिलखते परिजन भी पहुंच गए। युवक की मौत को लेकर परिजन भी हैरत में है। बताया जा रहा है कि वह क्षेत्र के एक ओझा के पास झाड़फूंक कराने आता था।
प्रयागराज जनपद के खुल्दाबाद थाना के गोविंदपुर कॉलोनी निवासी पिंटू (22) पुत्र महेश सोनकर काफी दिनों से बीमार था।
बताया जा रहा है कि वह मनोरोगी हो गया था। ओझला गांव के एक ओझा के यहां झाड़फूंक कराने के लिए था। बीते तीन दिनों से वह गांव में घूम रहा था। शुक्रवार सुबह प्राथमिक विद्यालय के बगल गेहूं के खेत में उसका शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पहचान होने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को जानकारी दी। रोते-बिलखते परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।
नकाबपोश बदमाशों ने नकदी व मोबाइल छीनी
मानधाता। मानधाता थाना के अकोढ़िया गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद पुत्र लल्लन प्रसाद और सूरज कुमार पुत्र रामसजीवन बाइक से पूरे कौली से घर जा रहे थे। रास्ते में बदमाशों ने बाइक रोक ली। इसके बाद राजेंद्र की जेब में रहे पांच सौ रुपये और मोबाइल व सूरज कुमार सरोज का मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पीड़ितों ने मानधाता पुलिस को तहरीर दी है।