हथिगवां के छोटी बहरिया के करीब शनिवार की शाम डंपर ने भीमपाल को रौंद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। खबर मिलने पर परिजन रोने बिलखने लगे। तहरीर मिलने पर पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
हथिगवां थाना क्षेत्र के साजा निवासी 20 वर्षीय भीम पाल प्रयागराज में प्राइवेट चिकित्सक की क्लीनिक पर काम करते थे। शनिवार की शाम वह घर से जहानाबाद बाजार से घरेलू सामान लेने के लिए बाइक से निकले। सामान लेकर वह घर लौट रहे थे, तभी लखनऊ- प्रयागराज राजमार्ग पर छोटी बहरिया अंडर पास के करीब सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। डंपर उसे रौंदते हुए आगे निकल गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने डंपर का पीछा किया। काफी प्रयास के बाद भी चालक पकड़ में नहीं आ सका। चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई करते हुए वाहन को थाने भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजन बेसुध हो गए।