जमीन संबंधी मामले में तनाव होने से मेडिकल स्टोर संचालक ने खुद को चाकू मार लिया। खून से लथपथ युवक को परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। पुलिस ने मेडिकल स्टोर से चाकू बरामद किया है।
जेठवारा थाना क्षेत्र के डेरवा बाजार निवासी सुभाष केसरवानी (40) की बाबूगंज मोड़ पर मेडिकल स्टोर है। करीब दो दिनों से वह जमीन के मामले को लेकर परेशान था। परिजन भी इस बात को जानते थे। इसी बात को लेकर वह तनाव में रहता था। शुक्रवार को रोज की तरह वह दुकान खोलने पहुंचा। दुकान में बैठे हुए ही जमीन के मामले को लेकर परिजनों से बात की। तनाव होने पर दुकान में रखे चाकू से अपने दांऐ जांघ पर वार किया। कुछ देर बाद पास पड़ोस के लोगों ने उसे खून से लथपथ देखा। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। डेरवा चौकी को घटना की जानकारी मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस को सूचित किया। सूचना पर नगर कोतवाल आनंद पाल सिंह फोर्स के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उपचार के बाद उसे चिकित्सकों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। कोतवाल आनंद पाल ने बताया कि डेरवा पुलिस को गोली चलने की सूचना मिली थी। हालांकि पुलिस ने मेडिकल स्टोर से हमले में प्रयोग की गई चाकू बरामद कर लिया है। पूछताछ में परिजनों ने तनाव के कारण चाकू से खुद पर हमला करने की बात बता रहे हैं।