कोलकाता में जूनियर डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के विरोध में तीसरे दिन सोमवार को चिकित्सकों ने काली पट्टी बांधकर मरीजों का इलाज किया। कोलकाता की घटना के बाद दंत चिकित्सकों के साथ ही प्रांतीय चिकित्सक संघ से जुड़े डॉक्टर गुस्से में हैं। मेडिकल काॅलेज में सोमवार को सार्वजनिक अवकाश होने पर इमरजेंसी वार्ड में तैनात चिकित्सकों ने काली पट्टी बांधकर अपना विरोध जताया।
प्रांतीय चिकित्सक संघ के दिनेश सिंह ने बताया कि जब तक आरोपियों को फांसी की सजा और चिकित्सकों को सुरक्षा मुहैया नहीं कराई जाती तब तक प्रांतीय चिकित्सक संघ से जुड़े डॉक्टर काली पट्टी बांध कर मरीजों का इलाज करेंगे। वहीं दंत चिकित्सक संघ के अध्यक्ष डॉ़ शम्स ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।