अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद काशी प्रांत के 59वें अधिवेशन के अंतिम दिन रविवार को शहर के किशोरी सदन में युवाओं को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय विश्वविद्यालय कार्य प्रमुख श्रीहरि बोरिकर ने कहा कि सीएए से किसी की नागरिकता समाप्त होने वाली नहीं है। देश से वही बाहर किए जाएंगे जो षडय़ंत्र करके आए हैं।
लंबे समय से बांग्लादेशी घुसपैठ करके यहां रह रहे हैं। बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण ही असम की संस्कृति में विरोध उत्पन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि देश मे कोई भी दूसरा जिन्ना पैदा होने का ख्वाब न देखे। एनआरसी व सीएए को लेकर भ्रम न फैलाएं। इसे गंभीरता से समझने की जरूरत है। ताकि किसी के बहकावे में न आ सकें। एबीवीपी सीएए और एनआरसी को लेकर लोगों को जागरूक करेगा। एबीवीपी की राष्ट्रीय महामंत्री निधि त्रिपाठी ने युवाओं को राष्ट्रवाद के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इसके अलावा काशी प्रांत अध्यक्ष डॉ.अखिलेश पांडेय, प्रांत मंत्री सुधांशु शेखर सिंह, प्रांत संगठन मंत्री विजयप्रताप ने भी युवाओं को संबोधित किया। इस दौरान मनोजकांत, कार्यवाह डॉ. सौरभ पांडेय, डॉ. धर्मेंद्र प्रताप सिंह , विधायक धीरज ओझा, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी, रविप्रकाश सिंह, नीरज ओझा, शिवप्रकाश सेनानी आदि मौजूद रहे।
प्रांत कार्यकारिणी की हुई घोषणा
एबीवीपी के 59वें प्रांत अधिवेशन के अंतिम दिन प्रांत अध्यक्ष डॉ.अखिलेश पांडेय ने कार्यकारिणी की घोषणा की। जिसमें प्रतापगढ़ से अनुराग त्रिपाठी माही को सह सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी मिली।
सीएए और एनआरसी के समर्थन में नारेबाजी
एबीवीपी के प्रांत अधिवेशन के अंतिम दिन राष्ट्रीय महामंत्री निधि त्रिपाठी के नेतृत्व में सीएए और एनआरसी के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। नक्सलियों की कब्र खुदेगी प्रतापगढ़ की धरती से के नारे से पूरा पंडाल गूंजायमान हो उठा। महामंत्री निधि त्रिपाठी ने कहा कि सीएए और एनआरसी पर विपक्षी दल ओछी राजनीति कर रहे हैं।
किशोरी सदन में एबीवीपी के प्रांत अधिवेशन के अंतिम दिन जुटी कार्यकर्ताओं की भीड़।- फोटो : PRATAPGARH
किशोरी सदन में एबीवीपी के प्रांत अधिवेशन में नवगठित काशी क्षेत्र के पदाधिकारी।- फोटो : PRATAPGARH