विकासखंड बाबागंज में नहर कटान के मामले में तीन गांवों के 40 मृतकों को सिंचाई विभाग द्वारा जारी नोटिस की खबर का डीएम शिव सहाय अवस्थी ने संज्ञान लेते हुए एक्सईएन को तलब किया। सिंचाई विभाग किसानों के सहयोग न करने पर नोटिस जारी करने की बात कह रहा है।
विकासखंड बाबागंज स्थित प्रतापगढ़ शाखा नहर की दाईं पटरी की नहर 30.5 मीटर काट दी गई थी। नहर कटने के बाद तहसील से मिली रियल टाइम खतौनी के आधार पर सिंचाई विभाग ने किसानों को अवैध कटान के लिए तवान की कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी कर दिया।
356 किसानों को जारी नोटिस की जांच में 40 मृृत मिले। जिनका निधन एक साल पहले हो चुका है। मामले की पड़ताल करते हुए अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में प्रमुखता से खबर को प्रकाशित किया। खबर का संज्ञान लेने के बाद डीएम शिव सहाय अवस्थी ने एक्सईएन को तलब करते हुए रिपोर्ट मांगी।
रिपोर्ट में अधिशाषी अभियंता ने बताया कि नहर कटने के बाद विभागीय कर्मचारियों को जांच के लिए मौके पर भेजा गया था, लेकिन किसानों ने किसी प्रकार का सहयोग नहीं किया। जिन खेतों की सिंचाई हुई थी, उसे चिह्नित करते हुए लालगंज तहसील से मिले गाटों की खतौनी निकाली गई। वर्तमान खतौनी के आधार पर कैनाल लॉ एक्ट के तहत तवान की कार्रवाई करते हुए 356 किसानों को नोटिस जारी किया गया।