पूर्वांचल विकास निधि के तहत सड़कों के निर्माण में लापरवाही करने और बैठक से गायब रहने पर लोक निर्माण विभाग खंड-एक के अधिशाषी अभियंता बृजमोहन सिंह और निर्माण खंड-दो के अधिशाषी अभियंता अजय कुमार के वेतन भुगतान पर रोक लगा दिया है। डीएम संजीव रंजन ने 50 लाख से अधिक लागत की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश दिया।
मंगलवार को कैंप कार्यालय में डीएम ने अफसरों के साथ बैठक करके 50 लाख से ऊपर के लागत की परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने आईटीआई जरियारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छितपालगढ़, हंड्रेड बेड संयुक्त चिकित्सालय शिवसत, आईटीआई पट्टी के निर्माण कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं होने पर नाराजगी जताई। सी एंड डीएस यूनिट-10 के कार्यों की समीक्षा की। जिसमें राजकीय पालीटेक्निक पट्टी, राजकीय इंजीनियरिंग काॅलेज, ड्रग वेयर हाउस, नगर पंचायतों के कार्यालयों के निर्माण की प्रगति धीमी मिली। पूर्वांचल विकास निधि के कार्यों की समीक्षा के दौरान दोनों खंडों के कार्यों की प्रगति धीमी व बैठक में अनुपस्थित रहने पर वेतन आहरण पर रोक लगा दिया। इस मौके पर सीडीओ नवनीत सेहारा, डीईएसटीओ राजेश कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार व बीएसए भूपेंद्र सिंह उपस्थित रहे।