विकास भवन का औचक निरीक्षण करने पहुंचे डीएम शिव सहाय अवस्थी को देख अधिकारियों और कर्मचारियों के पसीने छूट गए। दुकानों पर चाय पी रहे कर्मचारी भाग कर कार्यालय पहुंच गए। डीएम ने सीडीओ डॉ. दिव्या मिश्रा के साथ अलग-अलग कार्यालयों का निरीक्षण करते हुए उपस्थिति पंजिका की जांच की।
डीएम ने पहली बार बिना बताए अनुपस्थित मिले कर्मचारियों को लिखित चेतावनी देकर छोड़ दिया। वहीं, देर से आए कर्मचारियों का अल्प अवकाश स्वीकृत किया। निरीक्षण के दौरान लगातार अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। बिना किसी सूचना के गायब रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश डीएम ने दिया।
डीएम ने डीपीआरओ कार्यालय में निलंबित सफाईकर्मी की पत्रावली का अवलोकन किया। अन्य पत्रावलियों में लंबित कार्रवाई मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए लिपिक कौशल श्रीवास्तव के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने का आदेश डीपीआरओ श्रीकांत दर्वे को दिया। प्रधानों की शिकायत रजिस्टर का अवलोकन भी डीएम ने किया।