आम तोड़ने से मना करने के विवाद को लेकर बागवानों को पीटा गया। इसके साथ ही उन्हें बाग से भाग जाने को कहा गया। पीड़ितों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। बावजूद इसके पुलिस टाल मटोल करती रही। देर शाम सीओ के आदेश पर उनका मेडिकल कराया गया।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के करेंटी गांव में शैयादपुर कौशाम्बी निवासी बल्लू पुत्र कल्लू ने बाग ले रखी है। वह और उसके भाई निजाम व रिजवान बाग की देखरेख करते हैं। बल्लू और निजाम आंख से दिव्यांग भी हैं। बुधवार को सुबह छह बजे बगल गांव के कुछ लोग बाग में आम तोड़ने से रोकने पर विवाद करने लगे।
बात यहां तक बढ़ी कि उन लोगों ने तीनों पर हमला करते हुए जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि इस दौरान मंडी से मिली 15000 की रकम भी छीन ले गए। मारपीट के बाद वह लोग थाने पहुंचे। करीब चार घंटे थाने में बैठे होने के बाद भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। शाम को सीओ के आदेश पर सभी पीड़ितों का मेडिकल कराया गया।