प्रतापगढ़। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह को जान से मारने की धमकी देने वाले चंदन यादव का मामा सभापति यादव जिले का टापटेन अपराधी है। उसके ऊपर अब तक 50 मुकदमे दर्ज हैं। जिसमें हत्या, जानलेवा हमला, धोखाधड़ी के केस शामिल हैं। पुलिस ने उस पर गुंडा एक्ट व गैंगेस्टर की कार्रवाई भी की है।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के विनैैका निवासी सभापति यादव के ऊपर सबसे पहला मुकदमा वर्ष 1999 में जानलेवा हमला व साजिश का दर्ज हुआ था। इसके बाद उसके ऊपर मुकदमे दर्ज होने का सिलसिला जारी रहा। जानलेवा हमला, दलित उत्पीड़न, गैंगेस्टर, गुंडा एक्ट की कार्रवाई होती रही। वर्ष 2002 में सभापति के ऊपर हत्या व बलवा का मुकदमा दर्ज हुआ। वर्ष 2005 में देवसरा थाने में सभापति के खिलाफ हत्या की साजिश का मुकदमा दर्ज हुआ। जानलेवा हमला करने के सबसे अधिक मुकदमे सभापति पर देवसरा थाने में दर्ज हैं। इसके अलावा जौनपुर पुलिस भी 2007 में सभापति के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई कर चुकी है। बीते 6 अगस्त को पुलिस मुठभेड़ व रौनक सिंह के ऊपर जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि सभापति यादव जिले का टॉपटेन अपराधी है। उसके ऊपर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। जरूरत पड़ने पर इनाम की राशि बढ़ाने की संस्तुति की जाएगी। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी है।