देवसरा थाने का निरीक्षण करने पहुंचे एसपी अनुराग आर्य।
- फोटो : PRATAPGARH
पुलिस अधीक्षक शनिवार को अचानक आसपुर देवसरा और पट्टी कोतवाली का निरीक्षण करने पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के साथ अपराधों की विवेचना व अभिलेखों के रखरखाव का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि चुनाव से पहले अराजकतत्वों को जिला बदर किया जाए।
एसपी अनुराग आर्य एएसपी पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद द्विवेदी के साथ पहले आसपुर देवसरा थाने फिर कोतवाली का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर में बने महिला हेल्प डेस्क के कार्यों को देखकर तारीफ की।
इसके बाद एसपी ने कोतवाली में बैठक कर ग्राम पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर कोतवाल के साथ चर्चा की और निर्देशित किया कि वर्ष 2015 के चुनाव जो लोग व्यवस्था बिगाड़ने में संलग्न थे उनके विरुद्ध गुंडा एक्ट की कार्रवाई अविलंब की जाए। इस दौरान पट्टी क्षेत्र के बारह गांवों की सूची कोतवाल को सौंपते हुए एसपी ने सभी गांवों में नियमित गश्त बढ़ाने व दबंग युवकों के साथ ही पंचायत चुनाव को प्रभावित करने वाले लोगों को चिह्नित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पखवारा भर पहले बैंककर्मी के साथ हुई लूट के मामले में खुलासे का भी निर्देश दिया। संवाद