प्रतापगढ़। एडीओ पंचायत बाबूलाल पांडेय के निलंबन की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन करने वाले सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है। हालांकि धरना-प्रदर्शन में बेनतीजा रहा। सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को सीडीओ से वार्ता करके अगला कदम उठाने को कहा है।
बुधवार को विकास भवन के सामने सफाई कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन करके लालगंज ब्लाक में तैनात एडीओ पंचायत बाबूराम पांडेय पर वसूली और अभद्रता का आरोप लगाकर निलंबित करने की मांग कर रहे थे। सप्ताह भर से लालगंज ब्लाक और विकास भवन में धरना-प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों की बुधवार को वार्ता होना था, मगर डीपीआरओ शशिकांत पांडेय अपनी बातों पर अडे़ हुए हैं। कर्मचारियों से हुई वार्ता में उन्होंने कहा कि सीडीओ ने जांच टीम गठित की है, रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई होगी। इधर ग्राम पंचायत राज सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष बीएल पटेल ने कहा है कि गुरुवार से सीडीओ से बात होने के बाद आगे के आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलामंत्री वकील अहमद ने चेताया है कि अगर अधिकारियों ने दोषी एडीओ पंचायत के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, तो मामला कोर्ट में घसीटा जाएगा। बुधवार को हुए धरना-प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष मिथलेश सिंह, राम शिरोमणि वर्मा, गोविंद कुमार यादव, गुलाब चंद्र पटेल, राजेश सरोज, रमाशंकर यादव, रमेश रजक, रामचंद्र यादव, यशवंत यादव, हरिकेश तिवारी आदि मौजूद रहे।