प्रतापगढ़। कोरोनाकाल में भी धनतेरस के पर्व को लेकर बाजार में बहार है। बाजार सजकर लुटने के लिए तैयार है। संक्रमण के दौर में महंगाई और जीएसटी के असर के बाद भी व्यापारियों को धनतेरस पर करोड़ों के कारोबार की उम्मीद है। सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल्स, बर्तन और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर बृहस्पतिवार को करोड़ों का कारोबार होगा। बिक्री को लेकर व्यापारियों में भारी उत्साह है । शहर के पंजाबी मार्केट, बलीपुर, सदर बाजार, ठठेरी बाजार, श्यामबिहारी गली स्थित सराफा बाजार में दुकानों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। ज्वेलरी बर्तन, टीवी-फ्रीज, मोबाइल, बाइक, चार पहिया वाहनों के साथ लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं भी खूब बिकेंगी। दुकानदारों का मानना है कि कोरोना काल में लाकडाउन के चलते महीनों से फिकी पड़ी दुकानदारी की भरपाई अकेले धनतेरस में हो जाएगी।
मुरादाबाद व हापुड़ के बर्तनों से सजा ठठेरी बाजार, एक करोड़ से अधिक की बिक्री का अनुमान
प्रतापगढ़। बर्तनों की खरीदारी के लिए शहर का ठठेरी बाजार पूरे जिले में मशहूर है। यहां बर्तन के छोटे-बड़े करीब 25 व्यापारी हैं। कोरोना काल में महीनों से व्यापार ठंडा पड़ा है, मगर धनतेरस के पर्व को लेकर बर्तन व्यापारी उत्साहित हैं। अलग-अलग वराइटी के बर्तन दुकानों पर सजा रखे हैं। अकेले बर्तन का ही एक करोड़ से अधिक का व्यापार होने की उम्मीद जताई जा रही है। ठठेरी बाजार के बर्तन व्यापारी दिनेश सिंह दिन्नू ने बताया कि इस बार धनतेरस पर व्यापारियों ने नए स्टाक में हापुड़, मुरादाबाद से स्टील के नए डिजाइन के बर्तन मंगाए हैं। इंडेक्शन कढ़ाही, भगौना, चायपेन, थ्री इन इन वन कूकर सहित स्टील के नए डिजाइन के बर्तनों की खूब मांग है। इसके अलावा शाही बर्तन की खूब खरीदारी की जाती है। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में उन्होंने ग्राहकों को 12 प्रतिशत जीएसटी की छूट दी है। पहले की तरह तांबा व पीतल के बर्तन की डिमांड अब नहीं है।
रंग जमाएंगे राजकोट, कोल्हापुर और मुंबई के आभूषण, सराफा कारोबारियों का दो करोड़ से अधिक की बिक्री का अनुमान
तापगढ़। धनतेरस पर बेल्हा के सराफा व्यापारियों ने भी अपनी निगाह गड़ा रखी है। कोरोना काल में ठंडे पढ़े सराफा बाजार में धनतेरस के दिन धनवर्षा की उम्मीद जताई जा रही है। इस बार धनतेरस के पर्व पर सराफा व्यापारियों ने कोल्हापुर, राजकोट, मुंबई व कोयंबटूर की मशहूर डिजाइन वाली ज्वैलरी मंगाई है। कलकत्ता, मेरठ, चेन्नई की एंटीक डिजाइन सहित कई अन्य मॉडल भी ग्राहकों को लुभाएंगे। इसके साथ ही चांदी के सिक्के भी खूब बिकेेंगे। व्यापारी बुधवार को सुबह से ही अपनी दुकानों को सजाने में जुटे रहे। दुकानदारों ने आकर्षक एवं नए डिजाइन के आभूषण के लिए गेट पर प्रवेश करते ही फ्रंट रैक बनाया है। जिससे कि ग्राहकों की निगाह सीधे नए लुक में आए आभूषणों पर पड़े। सभी सुबह से लेकर शाम तक अपनी दुकानों को सजाने में जुटे रहे। नगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेंद्र केसरवानी ने बताया कि कोरोना की वजह से इस बार व्यापार मंदा है। धनतेरस पर हर किसी की नजर टिकी है। जिले में ज्वेलर्स सहित सराफा की करीब छोटी बड़ी 350 दुकानें हैं। व्यापारियों का मानना है कि धनतेरस की खरीदारी पिछले साल के आंकड़े को पार कर जाएगी। करीब दो करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद है।
सूरत की चुनरी व लहंगा भी करेगा धमाल,कपड़ा व्यापारियों ने पाल रखी है भारी कारोबार की उम्मीद
द्भधनतरेस को लेकर शहर के पंजाबी मार्केट में कपड़ा व्यापारी में उत्साहित हैं। धनतेरस के पर्व की तैयारी को लेकर जयपुर, पुणे, सूरत, मुंबई से महिलाओं एवं पुरुषों के लिए नए फैशन के अनुरूप कपड़े मंगवाए हैं। पंजाबी मार्केट में धनतेरस को लेकर जबरदस्त तैयारी है। दुकानों को सजाने व ग्राहकों को अपनी ओर खींचने के लिए दुकानदार नए फैशन में आए हुए परिधानों का सहारा ले रहे हैं। जयपुरिया, पुणे, सूरत व मायानगरी से आया लहंगा, चुनरी व कढ़ाईदार साड़ियों को दुकान के आगे लटकाया जा रहा है।
ऑफर व छूट के बीच इलेक्ट्रॉनिक बाजार में भी बूम
बाजारों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की दुकानों पर टीवी-फ्रीज सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आए हैं। मार्केट में स्मार्ट टीवी की खूब डिमांड है। शहर के बाबागंज, सदर बाजार, बलीपुर, राजापाल टंकी पर स्थित इलेक्ट्रानिक की दुकानों को सजाया गया है। माना जा रहा है कि शहर में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का व्यापार तीन करोड़ के पार रहेगा। टीवी-फ्रीज पर ग्राहकों को छूट के साथ ही अपनी तरफ से ऑफर दिए जा रहे हैं। निर्मल चौराहे के प्रीतम एंड संस के प्रो. करन सिंह व नीलम एंड संस के प्रो. शिवांगू सोनकर, गोयल फर्नीचर के प्रो. सुनील गोयल ने बताया कि दिनभर धनतेरस की तैयारी होती रही। जीरो प्रतिशत ब्याज दर पर मासिक किश्त के साथ कोई भी सामान ग्राहक खरीद सकते हैं।
मोबाइल व लैपटॉप से एक करोड़ के व्यापार की उम्मीद
धनतेरस पर मोबाइल के बाजार भी सजे हैं। दुकानदारों का कहना है कि शहर में करीब एक करोड़ के मोबाइल व लैपटॉप की बिक्री की उम्मीद है। बाबागंज बाजार के आरके मोबाइल के प्रो. राकेश सांध्वानी ने बताया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार न तो ऑफर हैं और न ही गिफ्ट। गीता कांप्लेक्स के मोबाइल दुकानदार कैफी आलम, सलमान मोबाइल, मोडेला मोबाइल की दुकानें सज गई हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस बार मोबाइल की बुकिंग नहीं हो रही है। धनतेरस पर उम्मीद टिकी है।
चुनार व कोलकाता से आई हैं खास मूर्तियां
चुनार व कोलकाता की आकर्षक मूर्तियों से इस बार दुकानदार करीब एक करोड़ के व्यापार की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इसके अलावा टेराकोटा, मिर्जापुर की मूर्तियां भीी बाजार में सज गई हैं। इनकी कीमत 50 से एक हजार रुपये तक है। शहर के बाबागंज, सदर बाजार, पंजाबी मार्केट, अंबेडकर चौराहा, भंगवाचुंगी में मूर्तियों की दुकानें लग गई हैं। दुकानदार रामफल, शनि ने बताया कि इस बार मूर्ति का व्यापार करीब एक करोड़ आंका जा रहा है।
धनतेरस की तैयारी में कचहरी के बगल लगी दुकानें।- फोटो : PRATAPGARH