लॉकडाउन के बाद बेल्हावासियों को मिली धनबाद फिरोजपुर एक्सप्रेस ट्रेन छिन गई। आठ दिसंबर से यह ट्रेन अपने पुराने रास्ते से होकर चलेगी। इससे बेल्हावासियों को तगड़ा झटका लगा है वहीं कोरोना के कम मरीज मिलने को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी और गरीब रथ एक्सप्रेस का संचालन शुरू करने के लिए कमर कस ली है।
महामारी को देखते हुए बीते 24 मार्च से ट्रेनों का संचालन ठप हो गया। लॉकडाउन समाप्त होने के बाद रेलवे बोर्ड ने बेल्हावासियों को धनबादपुर-फिरोजपुर एक्सप्रेस ट्रेन दिया। यह ट्रेन पहले फैैजाबाद होकर चलती थी। मगर रेलवे बोर्ड ने एकाएक इस ट्रेन का संचालन प्रतापगढ़ के रास्ते से कर दिया।
बीच में कुछ राजनैतिक दबाव के चलते इस ट्रेन का संचालन फैजाबाद के रास्ते से होने जा रहा था। हालाकि सांसद संगमलाल गुप्ता लिखापढ़ी करके इस ट्रेन को प्रतापगढ़ के ही रास्ते से चलाए जाने की मांग रेल मंत्री से किए थे। रेल मंत्री तैयार भी हो गए थे। मगर अब आठ दिसंबर से धनबादपुर फिरोजपुर एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन फैजाबाद के रास्ते से किया जाएगा।
जिले के लोगों को राहत के लिए लखनऊ-बनारस इंटरसिटी एक्सप्रेस के साथ ही गरीब रथ एक्सप्रेस के संचालन की तैयारी रेलवे बोर्ड ने शुरू कर दी है। हालांकि दोनों ट्रेनों का संचालन कब से शुरू होगा इसके बारे में रेलवे के अफसर भी कुछ नहीं बोल पा रहे हैं।
धनबादपुर-फिरोजपुर एक्प्रेस आठ दिसंबर से फैजाबाद होकर जाएगी। इंटरसिटी और गरीब रथ के चलाए जाने की कुछ सूचना मिल रही है। मगर अभी मेरे पास किसी प्रकार का पत्र नहीं आया है।
त्रिभुवन मिश्र, स्टेशन अधीक्षक