प्रयागराज में संगम की रेती पर लगे माघ मेले में मौनी अमावस्या पर पुण्य की डुबकी लगाने के लिए गुरुवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं का रेला निकलने लगा। देर रात तक लोग ट्रक, ट्रैक्टर, मालवाहक, बसों और ट्रेनों से प्रयागराज के लिए रवाना होते रहे।
बसों और ट्रेनों में सवार होने के लिए धक्कामुक्की होती रही। शहर में हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। बसों व ट्रेनों में तिल रखने तक की जगह नहीं थी। देर रात तक श्रद्धालु रवाना होते रहे। इससे कई बार जाम भी लगा।
शुक्रवार को मौनी अमावस्या है। वैसे तो मौनी की डुबकी लगाने के लिए बुधवार से ही श्रद्धालु निकलने लगे थे, मगर गुरुवार को स्नान के लिए श्रद्धालुओं का रेला दिखा। सुबह से ही पुण्य की डुबकी लगाने के लिए जिले के राज्यमार्ग व संपर्क मार्गों से आस्था का रेला निकलने लगा।
बस्ती, गोंडा, सुल्तानपुर, फैजाबाद, बहराइच, अमेठी, गोरखपुर सहित कई अन्य जिलों से प्रयागराज जाने के लिए वाहनों की कतार निकलती रही। अयोध्या-प्रयागराज मार्ग पर गुरुवार को देर रात तक श्रद्धालुओं से भरे वाहनों की लाइन लगी रही।
रात में चिलबिला से लेकर भुपियामऊ तक जाम लगा रहा। दिनभर शहर में घंटाघर, भगवाचुंगी, सदर बाजार से लेकर जोगापुर तक रुक-रुक जाम लगता रहा। ट्रैक्टर, डीसीएम, मालवाहन, ट्रकों पर श्रद्धालु लदे-फंदे निकल रहे थे।
गैर जनपदों की भीड़ के साथ ही जिले से भी हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान को निकले। रेलवे स्टेशन पर भी स्नानार्थियों का रेला दिखा। रेलवे स्टेशन के बाहर जगह-जगह श्रद्धालु बैठे रहे। ट्रेन का इंतजार करते रहे। रोडवेज बस अड्डा, भगवाचुंगी चौराहे पर लोग बसों का इंतजार करते रहे।
रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज जाने केे लिए ट्रेन के इंतजार में प्लेटफार्म पर आराम करते यात्री।- फोटो : PRATAPGARH
मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।- फोटो : PRATAPGARH
मौनी अमावस्या गंगा स्नान प्रयागराज जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर टू एएफ ट्रेन में बैठने को उमड़ी भी- फोटो : PRATAPGARH