यूरिया की किल्लत से नाराज आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जनपद की पांच तहसीलों में विरोध प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराते हुए कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की।
रानीगंज तहसील में जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने समितियों पर खाद उपलब्ध कराने के लिए ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि राज्यपाल से पांच मांग की गई है। जिसमें किसानों को तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए। खाद वितरण में हो रहे भ्रष्टाचार और कालाबाजारी पर रोक लगाई जाए।
खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए। दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। खेती का प्रतिकूल मौसम होने के चलते खाद की कमी से धान की रोपाई बाधित हो रही है। किसानों को राहत देने के लिए विशेष सहायता पैकेज घोषित किए जाने की भी मांग की गई। अन्नदाता के हितों की रक्षा की जाए।
इस मौके पर विद्या शंकर विश्वकर्मा, देवीदीन गौतम, धुन्नू सिंह, राजाराम यादव, बृहस्पति पांडेय, राजेश गौड़, अजीत प्रताप सिंह मौजूद रहे। विधानसभा रामपुरखास अध्यक्ष राजेश गौड़ की अगुवाई में कार्यकर्ता लालगंज तहसीलदार कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर रामनयन वर्मा, अन्नू वर्मा, राजेश्वर प्रसाद, अमर बहादुर, बुधई, चंदुल सरोज, सजनलाल, अमृत पटेल मौजूद रहे। इसी तरह सदर, पट्टी, कुंडा के आप कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।