death of young man under suspicious circumstances charged with poisining and drinking in alcohol
- फोटो : PRATAPGARH
पैसे का तगादा करने गए युवक को कुछ लोग बेहोशी की हालत में घर छोड़ गए। हालत खराब होने पर परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते ही उसकी मौत हो गई। इस पर परिजन शव लेकर घर चले आए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर परिजन दो लोगों पर शराब में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप लगा रहे हैं।
जेठवारा थाना क्षेत्र के सुरवारन का पुरवा सराय इंद्रावत गांव निवासी आलोक उर्फ अंतिम सिंह (32) पुत्र त्रिलोचन सिंह ने बाघराय थाना क्षेत्र के पत्तूपुर निवासी गुंडा पासी को कुछ रुपये उधार दिए थे। इसको लेकर दोनों के बीच दो दिन पहले कुछ विवाद हुआ था। शनिवार को गुंडा पासी ने उसी पैसे को देने के लिए बुलाया था।
इसके साथ ही घर पर पार्टी भी रखी गई थी। देर रात गुंडा पासी व उनके गांव के गुलाब सिंह उसे छोडने बाइक से घर आए और चारपाई पर लेटाकर चले गए। पहले तो परिजनों ने समझा कि वह नशे में हैं। बाद में हालत खराब होने उसे डेरवा में स्थानीय चिकित्सकों को दिखाया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत खराब देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
इस पर परिजन उसका शव घर ले आए। उसकी मौत से परिजनों में चीखपुकार मच गई। पत्नी कंचन सिंह और उसका आठ वर्षीय बेटा रचित का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के पिता ने बताया कि पैसे को लेकर गुंडा पासी से विवाद हुआ था। इसके चलते उन लोगों ने शराब में जहर मिला दिया। रास्ते में उसके गिर जाने के कारण वह लोग उसे घर तक पहुंचाने आए थे। इसके बाद घर पर चारपाई पर लिटाकर बिना कुछ बताए ही भाग गए। घटना की सूचना पर जेठवारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। इस बारे में जेठवारा एसओ का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अगर जहर जैसी बात सामने आती है तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा।