युवक की मौत, वजह स्पष्ट नहीं, विसरा सुरक्षित
- पिता ने बहू व पड़ोसी युवक को बेटे की मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस को दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
कोहड़ौर। सरोली गांव में संदिग्ध हालात में हुई युवक की मौत के मामले में वजह स्पष्ट न होने पर डॉक्टरों ने जांच के लिए विसरा सुरक्षित कर लिया। जबकि पिता ने बेटे की मौत के लिए बहू व पड़ोसी युवक को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
कोहड़ौर के सरौली निवासी अरुण कुमार (26) की सोमवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उपचार के लिए प्रयागराज ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में ग्रामीण तरह-तरह की चर्चा करते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेजा। इस मामले में मृतक के पिता गंगाराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि अरुण की छह साल पहले रोशनी से शादी हुई थी। गांव के एक युवक से उसकी बहू की नजदीकियां ही बेटे की मौत की वजह बनी है। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट न होने पर डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित करते हुए जांच के लिए भेजा। परिजनों ने शव का प्रयागराज में अंतिम संस्कार कर दिया। कोहड़ौर थानाध्यक्ष रेखा वर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-
किशोरी को भगा ले गया युवक, अपहरण का मुकदमा
संडवाचंद्रिका। अंतू थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी को रविवार की रात नगर कोतवाली का रहने वाला युवक बहला फुसलाकर भगा ले गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। किशोरी के मां की तहरीर पर पुलिस ने रंजीतपुर नई बस्ती निवासी अभय उर्फ अग्नू उसके परिवार की शरेमा, अजय, देवा, पवन, गुलेले के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। संवाद
-
पति पर मारने पीटने का लगाया आरोप
सुवंसा। फतनपुर थाना क्षेत्र के रोहखुर्द कला मदरा निवासी चंदा देवी का आरोप है कि पति 20 वर्ष से उसे जीविकोपार्जन के लिए खर्च नहीं देता। अक्सर मारपीट करते हैं। मंगलवार की सुबह पति एवं घर के लोहों ने उसे मारपीट कर घर से भगा दिया। उसकी तहरीर पर पुलिस छानबीन कर रही है। संवाद