Pratapgarh News : मंगरे यादव, फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला।
रामपुर के मंगरे की फरियाद आखिर अनसुनी ही रह गई। 96 वर्षीय बुजुर्ग भूमि विवाद विवाद से जुड़े मामले को लेकर छह साल से तहसील का चक्कर लगा रहे थे। छह बार प्रार्थना पत्र दे चुके थे, लेकिन अफसरों ने उनकी नहीं सुनीं। शनिवार को वह एक बार फिर अपनी फरियाद लेकर तहसील पहुंचे थे। समाधान दिवस में अपनी बारी का इंतजार करते मंगरे अचानक जमीन पर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी सांसें थम गईं।
तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को फरियाद लेकर पहुंचे बुजुर्ग की मौत से अफरातफरी मच गई। पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ने बुजुर्ग को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। वहां डाक्टरों के परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में बुजुर्ग का शव को परिजन घर लेकर चले गए। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी मंगरे यादव (96) का पड़ोसी से जमीन का विवाद चल रहा है। आरोप है कि उसकी जमीन पर गांव के कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। मंगरे ने जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को कई बार प्रार्थना पत्र देकर मदद की गुहार लगाई थी। मगर उनकी समस्या जस की तस बनी रही।