कुंडा इलाके में मवई रेलवे क्रासिंग से करीब 500 मीटर आगे मंगलवार को रेल पटरी पर एक युवक का कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसका सिर और हाथ कटे हुए थे। ट्रैक पर शव होने की जानकारी होने पर प्रयागराज से लखनऊ जा रही गंगा-गोमती एक्सप्रेस को रोक दिया गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक से शव हटवाया, तब जाकर ट्रेन आगे रवाना हुई। आसपास के लोगों ने युवक की हत्या कर शव पटरी पर रखे जाने की आशंका जताई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के मवई फाटक से करीब 500 मीटर दूर मानिकपुर की ओर रेलवे ट्रैक पर मंगलवार सुबह लोगों ने एक 35 वर्षीय युवक का शव देखा। इसकी जानकारी होने पर भीड़ जुट गई। इस दौरान प्रयागराज से लखनऊ जा रही गंगा गोमती एक्सप्रेस के ड्राइवर ने भी ट्रैक पर शव देख ट्रेन रोक दी और कंट्रोल रूम को सूचना दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को हटवाया। इसके बाद ट्रेन रवाना हुई। मृत युवक की गर्दन और हाथ कटे हुए थे।
एक हाथ और सिर रेलवे पटरी के बाहर पड़ा था। युवक के शरीर और चेहरे पर कहीं खरोंच भी नहीं दिख रही थी। लोगों ने आशंका जताई कि उसकी हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। लोगों का कहना था कि अगर युवक ट्रेन से गिरता या ट्रेन के सामने छलांग लगाता तो उसके शरीर में भी चोटें होतीं। सीओ अजीत कुमार सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।