दस दिन से लापता युवती का कुएं में उतराया मिला शव, हत्या- आत्महत्या में उलझी पुलिस
गांव के व्यक्ति पर अपहरण करने का दर्ज कराया गया था केस
संवाद न्यूज एजेंसी
लालगंज। दस दिन पहले संदिग्ध दशा में लापता युवती का शव गांव के समीप कुएं में उतराया मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस में फायर ब्रिगेड की मदद से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार के लोगों ने सप्ताह भर पहले गांव के ही एक युवक पर उसके के अपहरण करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी से पूछताछ के साथ ही पुलिस हत्या व आत्महत्या समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
उदयपुर थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव में मंगलवार को एक युवती का शव कुएं में उतराया मिला। सूचना मिलने पर पुलिस एवं फायर बिग्रेड की टीम ने कुएं में पानी भरवाकर शव बाहर निकलवाया। शव बाहर निकला तो क्षत विक्षत हालत देख लोग सन्न रह गए। दुर्गंध के चलते लोगों का वहां खड़ा होना मुश्किल हो रहा था। कुछ देर बाद शव की पहचान गांव की ही रामदयाल गुप्ता की पुत्री अंतिमा गुप्ता (25) के रूप में हुई तो परिजनों में चीख पुकार मच गई। जांच के बाद पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजवाया। परिवार के लोगों के मुताबिक अंतिमा 13 अप्रैल को घर से लापता हो गई थी। इस मामले में 15 अप्रैल को पिता ने उदयपुर पुलिस ने बेनीदीन का पुरवा नसीरपुर निवासी राजेश के खिलाफ अंतिमा के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने राजेश से पूछताछ कर रही है। पुलिस हत्या या आत्महत्या दोनों पहलुओं पर छानबीन कर है। उदयपुर एसओ राधेबाबू का कहना है कि आत्महत्या समेत सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।