सैकड़ों ट्रेन यात्रियों की जान बचाने वाली साहसी महिला श्यामा की मदद को हाथ बढ़ने लगे हैं। अमर उजाला की पहल के बाद मंत्री शिवाकांत के निर्देश पर मंगलवार को श्यामा के लिए अनाज की व्यवस्था कराई। एसडीएम सदर ने उसके घर 50 किलो गेहूं व 50 किलो चावल की व्यवस्था की।
श्यामा देवी अब किसी पहचान की मोहताज नहीं रह गई है। सम्मानित करने के साथ आर्थिक मदद के लिए अमर उजाला की ओर से की गई पहल से लोग जुड़ना शुरू हो गए हैं। श्यामा को सम्मानित करने वालों को भी अमर उजाला सम्मान दे रहा है। गत सोमवार को एलायंस क्लब की ओर से डाक बंगले में आयोजित सम्मान समारोह में प्राविधिक शिक्षा मंत्री प्रो.शिवाकांत ओझा ने श्यामा को सम्मानित किया था।
वहां मौजूद एसडीएम सदर जेपी मिश्रा को श्यामा के लिए अनाज, राशन कार्ड के साथ ही आवासीय पट्टा दिलाने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को एसडीएम जेपी मिश्रा ने श्यामा के लिए गेहूं व चावल की व्यवस्था करा दी। एसडीएम जेपी मिश्रा ने बताया कि उन्होंने श्यामा के लिए राशन की व्यवस्था करा दी है। बीपीएल कार्ड व आवासीय पट्टे के लिए जमीन भी मिलेगी। इसके लिए उन्होंने लेखपाल को निर्देश दिया है। सारी औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र ही श्यामा की सहायता की जाएगी।
गरीबी से तंग एक महिला श्यामा देवी ने जिस तरह से सूझ-बूझ का परिचय देते हुए सैकड़ों ट्रेन यात्रियों की जान बचाई उसकी मिसाल बहुत कम मिलती है। ऐसी गरीब महिला की हौसलाफजाई और दूसरी महिलाओं तथा अन्य लोगों को प्रेरित करने के लिए समाज के लोग श्यामा की मदद को आगे आएं। अमर उजाला ने तय किया है कि जो लोग मदद के जरिए श्यामा देवी की हौसलाफजाई करेंगे अखबार में उनकी फोटो और नाम प्रकाशित करेगा।