कोतवाली पट्टी इलाके के धरौली नहर के समीप एक दलित युवक को गोली मारने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हो सकी। घायल व हमलावरों के बीच मुकदमे की रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आसपुर देवसरा के दियांवा गांव निवासी कृष्ण कुमार गौतम पुत्र भगवानदीन का आरोप है कि वह घर से देवसरा बाजार बाइक से जा रहा था। दोपहर ढाई बजे के करीब धरौली नहर पुलिया पर पीछे से दो बाइक से आए गांव के ही चार लोगों ने उसे रोक लिया। इस बीच किसी ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली उसके पेट में लगी। उसे सीएचसी अमरगढ़ ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई। कोतवाल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुराने मुकदमे को लेकर रंजिश है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।